खोराबार उपकेंद्र की क्षमता वृद्धि से 1500 से अधिक उपभोक्ताओं को राहत
5 एमवीए का नया पावर ट्रांसफार्मर लगेगा, 1.20 करोड़ रुपये स्वीकृत
बिजली आपूर्ति होगी स्थिर, गर्मी में फॉल्ट और लो-वोल्टेज की समस्या होगी कम
गोरखपुर। गोरखपुर में बिजली व्यवस्था को मजबूत करने और उपभोक्ताओं को गर्मी में फॉल्ट व लो-वोल्टेज की समस्या से निजात दिलाने के लिए खोराबार उपकेंद्र की क्षमता बढ़ाई जा रही है। इस परियोजना से 1500 से अधिक उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा। वर्तमान में खोराबार उपकेंद्र पर दो 10 एमवीए क्षमता के पावर ट्रांसफार्मर हैं। अब 5 एमवीए का एक अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाएगा, जिससे उपकेंद्र की कुल क्षमता 25 एमवीए हो जाएगी।
अधीक्षण अभियंता (शहरी) ई. लोकेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि बढ़ती उपभोक्ता संख्या को देखते हुए यह निर्णय बिजनेस प्लान के तहत लिया गया है। ट्रांसफार्मर स्थापना और अन्य तकनीकी कार्यों पर लगभग 1.20 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हो चुका है। इस कार्य के पूरा होने से बिजली आपूर्ति अधिक स्थिर होगी, जिससे गर्मी के मौसम में होने वाली बिजली कटौती और वोल्टेज की समस्याएं काफी हद तक कम हो जाएंगी।
यह परियोजना गोरखपुर में बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता सुधारने और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।















