मामी-भांजे के रिश्ते ने लिया शर्मनाक मोड़, जबरदस्ती और मारपीट का मामला दर्ज
श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में भांजे पर लगे गंभीर आरोप
महिला की तहरीर पर पुलिस ने शुरू की जांच, राहुल के खिलाफ केस दर्ज
महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के एक गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। एक युवक, राहुल, निवासी परसौनी, थाना घुघली, पर अपनी ही मामी के साथ जबरदस्ती और मारपीट का आरोप लगा है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके भांजे राहुल का उनके घर आना-जाना था। इस दौरान दोनों में नजदीकियां बढ़ गईं और फोन पर बातचीत शुरू हो गई। कुछ समय बाद जब पीड़िता ने बातचीत बंद कर दी, तो राहुल ने अलग-अलग नंबरों से फोन कर परेशान करना शुरू कर दिया। बुधवार सुबह करीब 9 बजे वह पीड़िता के घर पहुंचा और जबरन घुसने की कोशिश की। जब पीड़िता ने विरोध किया तो राहुल ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी, जिससे महिला को चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए, जिसके बाद राहुल जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।
थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी राहुल के खिलाफ मारपीट, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी गई है।















