पिपराइच में रिटायर्ड पुलिसकर्मी के घर चोरी का पर्दाफाश, तीन शातिर गिरफ्तार.
गोरखपुर: पिपराइच क्षेत्र में 2 अगस्त 2025 को रिटायर्ड पुलिसकर्मी के घर हुई 11 लाख रुपये की ज्वेलरी चोरी का गोरखपुर पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया। एसएसपी राजकरन नैय्यर के नेतृत्व में पिपराइच पुलिस, एंटी-थेफ्ट सेल और सर्विलांस सेल ने 275 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों के पास से चोरी की ज्वेलरी और एक स्कूटी बरामद की गई।
एसएसपी राजकरन नैय्यर ने पुलिस लाइन के व्हाइट हाउस में प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि एसपी नॉर्थ जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव और सीओ चौरीचौरा अनुराग के मार्गदर्शन में पिपराइच थाना प्रभारी पुरुषोत्तम आनंद सिंह, एंटी-थेफ्ट सेल प्रभारी सुनील कुमार राय, सर्विलांस सेल प्रभारी छोटेलाल और हेड कांस्टेबल मोहम्मद नौशाद की संयुक्त टीम ने यह सफलता हासिल की। गिरफ्तार आरोपियों—इरफान उर्फ मुन्ना (मोहनलालपुर, 13 मुकदमे), शमशेर उर्फ मामा (असकरगंज, 5 मुकदमे) और अयाज अहमद उर्फ बाबू (मिर्जापुर) का आपराधिक इतिहास रहा है।
पुलिस ने बताया कि ये कम पढ़े-लिखे चोर नशे की लत के लिए चोरी करते थे। 275 सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच और सर्विलांस के जरिए जंगल धूषण के पास आरोपियों को पकड़ा गया। बरामद ज्वेलरी की कीमत करीब 11 लाख रुपये है। तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। यह कार्रवाई गोरखपुर पुलिस की सतर्कता और तकनीकी दक्षता का उदाहरण है।















