मगहर में ‘हर घर तिरंगा-हर घर स्वच्छता’ अभियान: छात्राओं ने बनाई रंगोली, सफाई कर्मियों को बांधी तिरंगा राखी.
संतकबीरनगर। शुक्रवार को नगर पंचायत मगहर ने स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) के तहत ‘हर घर तिरंगा-हर घर स्वच्छता’ और ‘बंधन स्वच्छता’ अभियान के अंतर्गत संत कबीर आचार्य रामविलास इंटर कॉलेज में रंगोली कार्यक्रम का आयोजन किया। छात्राओं ने तिरंगे की थीम पर रंग-बिरंगी रंगोलियां बनाकर देशभक्ति और स्वच्छता का संदेश दिया। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को अधिशासी अधिकारी वैभव सिंह ने प्रतीक चिह्न देकर पुरस्कृत किया।
‘बंधन स्वच्छता’ कार्यक्रम के तहत छात्राओं ने सफाई कर्मियों को तिरंगा थीम की राखियां बांधकर उनका सम्मान किया। साथ ही, प्लास्टिक मुक्त पर्यावरण के लिए ‘मन भवन मगहर’ का झोला देकर जागरूकता फैलाई। इस पहल ने रक्षाबंधन के अवसर पर स्वच्छता और देशभक्ति के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यापक राम कुँवर मौर्य, मुकेश यादव, नगर पंचायत मगहर के लिपिक संजय दुबे, जियोस्टेट कोऑर्डिनेटर प्रिया यादव, कंप्यूटर ऑपरेटर विशाल वर्मा, विशाल राज सिंह, आलोक कुमार, प्रदीप पासवान, अजय वर्मा, दिनेश गिरी सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। यह आयोजन स्वच्छता, देशप्रेम और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण रहा।















