नगर निगम की नई पहल: गोलघर में बनेगा ब्रांडेड शोरूम, कॉरपोरेट ऑफिस और फ्लैट्स का हब।
गोरखपुर। गोरखपुर नगर निगम ने शहर को आधुनिक और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। 4 अगस्त 2025 को म्युनिसिपल बॉन्ड जारी करने के संबंध में आयोजित समीक्षा बैठक में नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, अपर नगर आयुक्त प्रथम, अपर नगर आयुक्त तृतीय, लेखाधिकारी और शहर के प्रमुख बिल्डरों व आर्किटेक्ट्स की मौजूदगी में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। बैठक में जलकल कार्यालय कैंपस, गोलघर की प्रॉपर्टी पर एक बहुउद्देशीय बिल्डिंग के निर्माण पर सहमति बनी, जो जनकल्याण और व्यावसायिक विकास को बढ़ावा देगी।
इस प्रस्तावित बिल्डिंग में स्टारबक्स, मैकडॉनल्ड्स, सबवे जैसे अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स के शोरूम, दुकानें, कॉरपोरेट ऑफिस और रिहायशी फ्लैट्स का निर्माण होगा। यह परियोजना न केवल शहर की सूरत बदलेगी, बल्कि स्वरोजगार, व्यापार और निवेश को भी बढ़ावा देगी। शोभित अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल और आर्किटेक्ट आशीष श्रीवास्तव ने सर्वे रिपोर्ट के आधार पर बिल्डिंग का रफ स्केच तैयार करने का आश्वासन दिया।
नगर आयुक्त ने बताया कि इस प्रोजेक्ट में मौजूदा किरायेदार दुकानदारों के लिए भी उचित व्यवस्था की जाएगी, ताकि उनकी आजीविका प्रभावित न हो। यह बिल्डिंग गोरखपुर को स्मार्ट सिटी की दिशा में एक कदम और आगे ले जाएगी, जिसमें आधुनिक सुविधाओं के साथ पर्यावरण संरक्षण, जैसे रेन वाटर हार्वेस्टिंग, को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
बैठक में म्युनिसिपल बॉन्ड के जरिए फंड जुटाने पर भी चर्चा हुई, जिससे इस महत्वाकांक्षी परियोजना को गति मिलेगी। यह कदम गोरखपुर के शहरी ढांचे को मजबूत करने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहायक होगा।















