डग्गामार बसों और चार पहिया वाहनों पर परिवहन विभाग की सख्त कार्रवाई, 11 वाहन निरुद्ध
गोरखपुर। परिवहन विभाग और क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) ने डग्गामार बसों और अनधिकृत रूप से सवारी ढोने वाले चार पहिया वाहनों के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाया। रोडवेज कंपाउंड के पास आयोजित इस अभियान में दो प्राइवेट बसों और नौ अर्टिगा कारों को निरुद्ध किया गया। क्षेत्रीय प्रबंधक लव कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई गैरकानूनी सवारी ढुलाई को रोकने और राजस्व हानि को कम करने के उद्देश्य से की गई।
विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि प्राइवेट बस संचालक और कुछ चार पहिया वाहन, विशेष रूप से अर्टिगा कारें, रोडवेज के पास सवारियां भरकर नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। अभियान के दौरान जब छापेमारी की गई तो कई वाहन चालक अपने वाहन छोड़कर फरार हो गए। इन वाहनों को क्रेन की मदद से निरुद्ध किया गया। क्षेत्रीय प्रबंधक लव कुमार ने बताया कि यह गतिविधियां परिवहन विभाग को राजस्व हानि पहुंचा रही हैं और पूरी तरह प्रतिबंधित हैं।
उन्होंने सख्त चेतावनी दी कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अगर भविष्य में ऐसे वाहन दोबारा पकड़े गए तो उन पर और सख्ती बरती जाएगी। यह अभियान निरंतर जारी रहेगा ताकि अनधिकृत सवारी ढुलाई पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके। कार्रवाई के दौरान सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक महेश लाल, यात्री कर अधिकारी वी.के. आनंद सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। इस अभियान से यात्रियों की सुरक्षा और परिवहन नियमों का पालन सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।















