कर्मा ज्योति रोजगार महोत्सव: बस्ती में 5000 युवाओं को मिला रोजगार का सुनहरा अवसर
बस्ती।क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय बस्ती और कर्मा देवी ग्रुप, संसारपुर, फुटहिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कर्मा ज्योति रोजगार महोत्सव उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल और उत्तर प्रदेश गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ल ने उद्घाटन किया। बस्ती, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, गोंडा और अयोध्या से आए 5000 से अधिक युवा-युवतियों ने इसमें हिस्सा लिया।
70 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लेकर आईटी, बैंकिंग, हेल्थकेयर, रिटेल, शिक्षा और सुरक्षा सेवा जैसे क्षेत्रों में रोजगार के अवसर प्रदान किए। सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि यह मेला नौकरी देने के साथ-साथ युवाओं को उद्योग जगत से जोड़ने और करियर मार्गदर्शन का मंच है। कर्मा देवी ग्रुप के चेयरमैन ओ.एन. सिंह ने इसे युवाओं की प्रतिभा प्रदर्शन का प्रेरणा स्थल बताया। प्रबंधक नीता सिंह ने जोर दिया कि नौकरी के साथ कौशल निखार और प्रगति ही असली सफलता है।
मेले में 2000 से अधिक युवाओं का प्रारंभिक चयन हुआ, कई को लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के लिए बुलावा पत्र मिले। दोपहर 1 बजे विधायक अजय सिंह ने चयनित अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर दिए। शाम 4 बजे मंडलायुक्त अखिलेश सिंह ने नियुक्ति पत्र वितरित किए, कहते हुए कि यह अवसर समाज और देश की प्रगति में योगदान का है। उन्होंने युवाओं से ईमानदारी और निष्ठा के साथ कर्तव्य निभाने का आह्वान किया।
उपनिदेशक सेवायोजन करुणा सचान और जिला सेवायोजन अधिकारी अवधेंद्र प्रताप वर्मा ने आयोजन की सराहना की और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। संस्था की सीईओ अंशू सिंह और सीआईओ यजुवेंद्र विक्रम सिंह ने सभी का आभार जताया, भविष्य में और बड़े आयोजनों की प्रतिबद्धता दोहराई।















