मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह ने परखी विकास परियोजनाओं की रफ्तार, धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी चारफाटक-असुरन व असुरन-पिपराइच फोरलेन समेत कई परियोजनाओं को समयसीमा में पूरा करने के निर्देश

मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह ने परखी विकास परियोजनाओं की रफ्तार, धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी

चारफाटक-असुरन व असुरन-पिपराइच फोरलेन समेत कई परियोजनाओं को समयसीमा में पूरा करने के निर्देश

गोरखपुर। नवागत मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह ने शनिवार को जिले में चल रही महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति परखी। कई परियोजनाओं में काम की गति धीमी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्थाओं को श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा में परियोजनाएं पूरी करने के कड़े निर्देश दिए।

निरीक्षण की शुरुआत चारफाटक-असुरन फोरलेन से हुई। यहां निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर मंडलायुक्त ने संबंधित कार्यदायी संस्था और मेसर्स प्रभा कंस्ट्रक्शन के प्रतिनिधियों को फटकार लगाते हुए श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने नाला निर्माण, स्लैब डालने और विद्युत पोल शिफ्टिंग के कार्यों को तेजी से पूरा कराने को कहा।

इसके बाद मंडलायुक्त ने असुरन-पिपराइच फोरलेन का निरीक्षण किया। सड़क के कुछ हिस्सों में अब तक कार्य शुरू नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई और खाली स्थानों पर तत्काल निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।

आयुष विश्वविद्यालय में निर्माणाधीन प्रेक्षागृह का निरीक्षण करते हुए उन्होंने इसे हर हाल में 31 अक्टूबर 2026 तक पूरा कराने का लक्ष्य निर्धारित किया। वहीं मानीराम-बालापार-टिकरिया-गांगी बाजार मार्ग पर भी निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा। बालापार में निर्माणाधीन सिक्टौर थाने का निरीक्षण करते हुए श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर सितंबर तक कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।

स्पोर्ट्स कॉलेज चौराहा-करीमनगर-झुंगिया चुंगी-फर्टिलाइजर मार्ग पर धीमी प्रगति मिलने पर संबंधित फर्म को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। मंडलायुक्त ने विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए इस परियोजना को 30 अक्टूबर 2026 तक पूरा कराने पर जोर दिया।

इसी क्रम में उन्होंने एचएन सिंह चौराहा-गोरखनाथ मंदिर मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया और सड़क निर्माण में बाधा बन रहे विद्युत ट्रांसफार्मरों को उचित स्थान पर शिफ्ट कराने के निर्देश दिए। पादरी बाजार ओवरब्रिज के निरीक्षण में फातिमा हॉस्पिटल की ओर का कार्य अधूरा मिलने पर मैनपावर बढ़ाकर जल्द पूरा कराने तथा पुल के नीचे सर्विस रोड का निर्माण भी शीघ्र पूरा करने को कहा।

हड़हवा फाटक रेल ओवरब्रिज के निर्माण में देरी पर मंडलायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने उप जिलाधिकारी सदर को निर्देश दिया कि जिन मकानों का मुआवजा दिया जा चुका है, उन्हें तत्काल हटाने की कार्रवाई कराई जाए, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न रहे।

मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह ने स्पष्ट कहा कि विकास परियोजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। कार्यदायी संस्थाएं नियमित रूप से स्थल निरीक्षण करें और निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं का संबंधित विभागों से समन्वय कर तत्काल समाधान कराएं। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर समस्या आने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए, ताकि परियोजनाओं की रफ्तार प्रभावित न हो।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर ज्ञान प्रताप सिंह, अधिशासी अभियंता निर्माण खंड-3 लोक निर्माण विभाग यू.पी. सिंह, परियोजना प्रबंधक उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम अरुण सिंह सहित विद्युत, राजस्व एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Previous articleहेलीकॉप्टर से कांवड़ मार्गों का हवाई सर्वेक्षण, शिवभक्तों पर हुई पुष्प वर्षा डीएम अस्मिता लाल और एसपी सूरज कुमार राय ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा कांवड़ मार्ग
Next articleकांवड़ यात्रा को लेकर DIG ने परखी सुरक्षा व्यवस्था मुक्तिघाट व मेला परिसर का निरीक्षण, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन पर दिए निर्देश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here