हस्तशिल्पियों को सिलाई मशीन व टूलकिट्स वितरण: ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि बोले- पीएम व सीएम समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा रहे योजनाओं का लाभ।
संतकबीरनगर, खलीलाबाद में विकास आयुक्त (हस्तशिल्प), वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रायोजित और संतकबीर मानव विकास सेवा संस्थान, मगहर के सहयोग से आयोजित एनएचडीपी योजनांतर्गत ज़री एम्ब्रायडरी शिल्प के 50 अनुसूचित जाति के हस्तशिल्पियों को उन्नत टूलकिट्स और सिलाई मशीनों का वितरण किया गया। होटल शिवाय, खलीलाबाद में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि खलीलाबाद ब्लॉक प्रमुख श्रीमती प्रमिला देवी और उनके प्रतिनिधि नित्यानंद ने शिरकत की।
नित्यानंद ने कहा कि यह टूलकिट्स वितरण कार्यक्रम हस्तकला को बढ़ावा देने और हस्तशिल्पियों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि सिलाई मशीनों और टूलकिट्स (फ्रेम, कैंची, नीडल आदि) के उपयोग से हस्तशिल्पी रोजगार सृजन कर अपने आर्थिक स्तर को सुधार सकती हैं। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार समाज के हर अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।”
विशिष्ट अतिथि विनय कुमार सिंह, एचपीओ, हस्तशिल्प सेवा केंद्र, वाराणसी ने कहा कि हस्तशिल्प भारत की सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा रहा है और यह कार्यक्रम शिल्पियों के आर्थिक उत्थान और भारतीय अर्थव्यवस्था में योगदान देगा। उन्होंने शिल्पियों को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम की आयोजक संस्था की अध्यक्ष ज़ोहरा खातून ने शिल्पियों को आधुनिक बाजार की मांग के अनुसार उत्कृष्ट उत्पाद बनाने और टूलकिट्स का उपयोग कर स्वरोजगार शुरू करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ बीजेपी नेता विनय मिश्र, डॉ. रियाज अहमद, औरंगज़ेब, सृष्टि त्रिपाठी, सभासद पंकज मिश्र सहित कई गणमान्य नागरिक, अधिकारी, कर्मचारी और पत्रकार उपस्थित रहे।















