बारिश के बीच गोरखपुर नगर निगम अलर्ट: नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण, जलभराव रोकने के दिए निर्देश
गोरखपुर, सोमवार सुबह से हो रही लगातार बारिश के बीच गोरखपुर नगर निगम ने जलभराव की आशंका को देखते हुए अलर्ट मोड में काम शुरू कर दिया है। नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को जलनिकासी सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने सभी जोनल अधिकारियों और निर्माण विभाग के अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करने और संपवेल व पंप सेट को निरंतर चालू रखने का आदेश दिया, ताकि जलभराव की स्थिति न बने। उन्होंने सफाई निरीक्षकों को नालियों की नियमित और प्रभावी सफाई सुनिश्चित करने तथा कचरा जमा होने से रोकने के निर्देश दिए। प्रत्येक सफाई निरीक्षक को अपने क्षेत्र में निगरानी रखने को कहा गया।
नगर निगम की टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में पहले से तैनात हैं, और कंट्रोल रूम को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है। नगर आयुक्त ने कहा कि बारिश के दौरान किसी भी समस्या की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे नालियों में कचरा न डालें और जलभराव या रुकावट की स्थिति में निगम की हेल्पलाइन पर तुरंत सूचना दें।















