एसएसपी ने गोला और उरुवा बाजार थाने का किया औचक निरीक्षण
जनसुनवाई, महिला हेल्प डेस्क और अभिलेखों की जांच, साफ-सफाई दुरुस्त रखने के निर्देश
गोरखपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने शनिवार को गोला और उरुवा बाजार थाने का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने जनसुनवाई, पुलिसिंग व्यवस्था और थाना परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
एसएसपी ने जनसुनवाई डेस्क, महिला हेल्प डेस्क और सीसीटीएनएस कक्ष का निरीक्षण किया। फरियादियों के बैठने और पेयजल की व्यवस्था देखते हुए उनकी शिकायतें गंभीरता से सुनकर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
थाना कार्यालय में अभिलेखों की स्थिति की जांच कर उन्हें अद्यतन और व्यवस्थित रखने को कहा। लंबित मामलों में समयबद्ध कार्रवाई और पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता पर जोर दिया। थाना परिसर में साफ-सफाई और खड़े वाहनों को व्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए।
एसएसपी ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के साथ क्षेत्र में गश्त और पुलिस की सक्रियता बढ़ाने को कहा। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी गोला समेत अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।















