किसानों को दलहन-तिलहन के निशुल्क बीज मिनीकिट वितरित
डीएम और एसपी ने किसानों को बांटे बीज, कृषि योजनाओं का लाभ लेने की दी जानकारी
संतकबीरनगर। संपूर्ण समाधान दिवस के बाद शनिवार को मेंहदावल तहसील में जिलाधिकारी अनुज मलिक और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने पंजीकृत किसानों को दलहन-तिलहन के निशुल्क बीज मिनीकिट वितरित किए। अधिकारियों ने किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार यादव ने बताया कि दलहन-तिलहन की खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को निशुल्क बीज मिनीकिट दिए जा रहे हैं। कृषि विभाग की वेबसाइट पर बुकिंग के बाद ई-लॉटरी से लाभार्थियों का चयन किया जाता है।
उन्होंने बताया कि किसान गेहूं, सरसों, चना, मटर और मसूर के बीज 50 प्रतिशत अनुदान पर विभागीय पोर्टल के माध्यम से बुक कर सकते हैं। निशुल्क मिनीकिट में फिलहाल सरसों के बीज की बुकिंग शेष है। चयनित किसानों को राजकीय बीज भंडार के माध्यम से बीज वितरित किए जा रहे हैं।















