आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: 60 लीटर कच्ची शराब जब्त, चार अभियोग दर्ज।
रायबरेली: जिला आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। थाना गुरबख्शगंज के ग्राम घाटमपुर, गम्भीरपुर, बरुवा और थाना बछरावा के ग्राम कन्नावा, खैरानी में अवैध कच्ची शराब बनाने के अड्डों व संदिग्ध घरों पर दबिश दी गई। इस दौरान 60 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई और लगभग 300 किलोग्राम महुआ लहन मौके पर नष्ट कराया गया।
टीम ने कार्रवाई के दौरान चार अभियोग आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में पंजीकृत किए। जिला आबकारी अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी हर्षिता माथुर और पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के नेतृत्व में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्रवाइयों से अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी रोक लगेगी और समाज में इसकी बिक्री को नियंत्रित किया जाएगा।
यह कार्रवाई जिले में अवैध शराब के खिलाफ सख्त रुख को दर्शाती है, जिससे न केवल कानून-व्यवस्था बनी रहेगी, बल्कि जनसुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।















