संतकबीरनगर: कांवड़ यात्रा के लिए रूट डायवर्जन, हाईवे पर बड़े वाहनों पर रोक
संतकबीरनगर। अयोध्या में कांवड़ यात्रा और श्रावण झूला मेला को देखते हुए जिला प्रशासन ने रूट डायवर्जन की तैयारी पूरी कर ली है। 19 जुलाई सुबह 8 बजे से गोरखपुर-लखनऊ हाईवे पर बड़े वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। एएसपी सुशील कुमार सिंह ने बताया कि यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए बैरियर और पुलिस तैनात की जाएगी।
गोरखपुर से लखनऊ जाने वाले भारी वाहन मगहर के दुर्गा मंदिर से घघसरा, बखिरा, नंदौर, बांसी, बलरामपुर, गोंडा होते हुए भेजे जाएंगे। खलीलाबाद से लखनऊ जाने वाले वाहन मेंहदावल बाईपास से बखिरा, बांसी, जोगिया उदयपुर, चिल्हिया, शोहरतगढ़, ढेबरुवा, बढ़नी, बलरामपुर, बहराईच के रास्ते जाएंगे। धनघटा से अंबेडकरनगर और बंजरिया से भड़कुलवा, मैनसिर, टुंगपार, मोलनापुर, हरनही, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे लिंक रोड से वाहन डायवर्ट होंगे।
डायवर्जन 19-24 जुलाई, 26-29 जुलाई, 3-4 अगस्त और 8-9 अगस्त तक या भीड़ समाप्ति तक लागू रहेगा। मगहर, सोनी होटल, मेंहदावल बाईपास और टेमा रहमत चौराहे पर बैरियर लगाए जाएंगे। प्रशासन ने कांवड़ियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए सख्त निर्देश दिए हैं।















