पुलिस हिरासत में वारंटी की संदिग्ध मौत, परिजनों का हंगामा, गांव छावनी में तब्दील।
संतकबीरनगर। महुली थाना क्षेत्र के ग्राम नगुआ में शनिचरा बाबू पुलिस चौकी में हिरासत के दौरान वारंटी राम किशुन पुत्र बुझई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने चौकी पुलिस पर बीमार वारंटी को जबरन उठाने और असंवेदनशील रवैया अपनाने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया, और वे मृतक के चारों बेटों के आने तक शव को पोस्टमार्टम के लिए न देने की जिद पर अड़े हैं।सोमवार शाम को शनिचरा बाबू चौकी के सिपाही मतई पुत्र मोतीलाल और राम किशुन के घर पहुंचे, उन्हें मंगलवार सुबह वारंट के आधार पर चौकी में पेश होने का आदेश दिया। परिजनों का दावा है।
कि हृदय रोग से पीड़ित राम किशुन खाना खा रहे थे, जब सुबह करीब 8 बजे चौकी प्रभारी और दो सिपाहियों ने घर में घुसकर उनकी पत्नी को धक्का देकर उन्हें बाइक पर जबरन बैठाया। बीमारी का हवाला देकर दवा खिलाने की गुहार ठुकराते हुए पुलिस ने उन्हें चौकी ले गई।
मतई ने बताया कि चौकी पहुंचते ही राम किशुन की हालत बिगड़ी, और गंभीर स्थिति में उन्हें चौराहे के प्राइवेट चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस शव को वहीं छोड़कर चली गई, जिसके बाद उन्होंने इसे घर पहुंचाया।
सूचना पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी प्रियम शेखर पांडेय, थानाध्यक्ष रजनीश राय, और अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने परिजनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन मृतक की पत्नी और पुत्री ने बेटों के आने तक शव न देने की मांग पर अडिग रहीं। ग्रामीणों ने बताया कि 14 साल पहले (2011) की मारपीट की सुलह हो चुके मामले में पांच वारंटियों में से तीन बाहर थे, जबकि राम किशुन और मतई को हिरासत में लिया गया।घटना की गंभीरता को देखते हुए नगुआ गांव में महुली और धनघटा थाने की पुलिस तैनात की गई, जिससे गांव पूरी तरह छावनी में तब्दील हो गया।
लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर रोष है, और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। समाचार लिखे जाने तक परिजन अपनी जिद पर डटे थे।
पूरे मामले पर एसपी संदीप मीणा ने बताया कि महुली थाना क्षेत्र के नगुवा गांव निवासी राम किशुन नाम के व्यक्ति को पुलिस लेकर जा रही थी. रास्ते में उसकी तबीयत खराब हो गई. अस्पताल में भर्ती कराया गया. इस दौरान उसकी मौत हो गई. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. परिजनों ने जो भी आरोप लगाया है, उसकी जांच की जाएगी.
Post Views: 236