एडीएम प्रशासन पुरुषोत्तम दास गुप्ता सहित 9 कर्मचारियों की भावभीनी विदाई, फूलमालाओं व स्मृति चिह्न से सम्मान।
गोरखपुर। कलेक्ट्रेट परिवार ने अपने लोकप्रिय और मिलनसार एडीएम प्रशासन पुरुषोत्तम दास गुप्ता सहित नौ कर्मचारियों—कृष्ण कुमार गौतम, मुकेश कुमार श्रीवास्तव, राम नगद, महेंद्र कुमार, ममता श्रीवास्तव, रमाकांत, अयोध्या विजय और इशरत—को सेवानिवृत्ति पर भावपूर्ण विदाई दी। पर्यटन भवन के जिलाधिकारी सभागार में आयोजित समारोह में एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह, एडीएम वित्त राजस्व विनीत कुमार सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी हिमांशु वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव और सहायक अभिलेख अधिकारी विनोद कुमार सिंह ने सभी को फूलमालाएँ, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।
2009 बैच के पीसीएस अधिकारी पुरुषोत्तम दास गुप्ता ने 31 वर्षों तक इलाहाबाद, आगरा, झांसी, जालौन, फिरोजाबाद, अलीगढ़, गोंडा और अयोध्या में सेवाएँ दीं। 20 सितंबर 2021 को गोरखपुर में एडीएम प्रशासन का पदभार संभालने के बाद उनके कार्यकुशलता और मृदु व्यवहार ने सभी का दिल जीता। श्री गुप्ता ने कहा, “गोरखपुर में अधिकारियों और कर्मचारियों का सहयोग अविस्मरणीय रहेगा।” अब वे अपनी धर्मपत्नी के साथ लखनऊ के गोमती नगर में नए आशियाने में जीवन यापन करेंगे। उनके बेटे सिविल सेवा की तैयारी कर रहे हैं, जबकि बेटी कंप्यूटर इंजीनियर है।
विदाई समारोह कचहरी क्लब और मिनिस्ट्रियल कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ। समारोह में कर्मचारी संघ अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा, मंत्री विश्वेष शुक्ल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष ओमप्रकाश, कनिष्ठ उपाध्यक्ष रितेश कुमार शर्मा, संयुक्त मंत्री शिवकुमार मौर्य, कोषाध्यक्ष पंकज श्रीवास्तव, संजय कुमार, रविंद्र नाथ पांडे, कचहरी क्लब के संयुक्त सचिव सुग्रीव कुमार, कोषाध्यक्ष विनय सिंह, लेखाकार प्रशांत तिवारी, खेल सचिव अश्विनी दुबे, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गिरीश सिंह, नाजीर राकेश पांडे, अमितेश, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर नीरज श्रीवास्तव और चकबंदी संघ अध्यक्ष सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने अपने चहेते अधिकारियों और कर्मचारियों को ससम्मान विदा किया, जो कलेक्ट्रेट परिवार के लिए यादगार रहेगा।















