गोरखपुर आसपास जिलों में इन दिनों मौसम का मिजाज फिर बदल गया है। सूर्य की तपिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी है। सुबह से ही मौसम का पारा चढ़ने लगता है। रोज इन दिनों 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच जा रहा है। मौसम में नमी भी कम हो गई, जिसके चलते धूप ज्यादा महसूस की गई। दोपहर के वक्त प्रमुख बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। जरूरी काम से ही लोग घरों से निकल रहे हैं। चौराहों पर लोग कड़ी धूप से बचने के लिए छांव की तलाश कर रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक तापमान अभी बढ़ता ही जाएगा।
तीन से चार दिनों में तापमान के 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। यानी कि अभी भीषण गर्मी सहने के लिए तैयार रहना पड़ेगा।
सबसे ज्यादा मरीज वायरल फीवर, डायरिया के
वरिष्ठ फिजिशयन डॉक्टर वीके सुमन व बाल एवं शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ सरफराज अहमद ने कहा कि मौसम में अचानक बदलाव के चलते बुखार, जुकाम, सर्दी, खांसी व बच्चों में इन्फेक्शन के मरीज इलाज को आ रहे हैं। अधिकतर अस्पतालों में ओपीडी में सबसे ज्यादा मरीज वायरल फीवर, डायरिया और मौसमी संक्रमण यानि सर्दी-खांसी के आ रहे हैं। इसके चलते सुबह से ही अस्पताल के नेत्र, फिजिशियन, सर्जन, चाइल्ड, डेंटल विभाग में मरीजों की भीड़ लगी रही।
बरते यह सावधानियां
बाहर निकलते समय खुद को ठीक से ढककर निकले, टोपी पहने, फूल शर्ट पहनें
मसालेदार भोजन से बचें, हरी सब्जियों का सेवन जरूरी
फ्रीज का पानी पीने से बचना चाहिए।
रात में एसी चलाकर न सोएं।
पूरी बांह का कपड़ा पहनकर ही घर से बाहर निकलें
सर्दी, खांसी, जुकाम होने पर बिना चिकित्सक की सलाह के कोई दवा न लें।
बच्चों को ऐसे बचाएं
सफाई का विशेष ध्यान रखें।
बच्चों को खाना खिलाने से पहले अच्छी तरह हाथ धुलें।
खाना बनाते और परोसते समय सफाई रखें।
बच्चों को पानी उबाल कर ही पिलाएं।
छह महीने से छोटे शिशुओं को केवल मां का दूध पिलाएं
बच्चों को शौच के बाद साबुन से हाथ धुलने की आदत डलवाएं।















