प्रमुख सचिव ने रायबरेली में योजनाओं की समीक्षा कर दिए निर्देश
रायबरेली। प्रमुख सचिव, समाज कल्याण एवं सैनिक कल्याण, एल. वेंकटेश्वर लू ने जनपद भ्रमण के दौरान बचत भवन के कलेक्ट्रट सभागार में प्रभारी मंत्री की समीक्षा, निरीक्षण अनुपालन और सीएम डैशबोर्ड की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
प्रमुख सचिव ने निराश्रित गोवंश को शत-प्रतिशत संरक्षित करने, किसानों को जैविक खेती और गौ-आश्रय स्थलों से जोड़ने, गोबर-गोमूत्र का कृषि में उपयोग बढ़ाने और गौशालाओं की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत सभी बीपीएल परिवारों को लाभ सुनिश्चित करने और अपात्रों को सूची से हटाने को कहा।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में आयुष्मान कार्ड समयबद्ध वितरण और स्वास्थ्य केंद्रों पर दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। दिव्यांगजन पेंशन, निराश्रित महिला सुविधाओं, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, कन्या सुमंगला योजना और मनरेगा के तहत श्रमिकों के बकाया वेतन की समीक्षा की गई।
अमृत सरोवर और तालाबों का संरक्षण, मनरेगा के तहत जल संचयन, वृक्षारोपण और मॉडल गांवों की प्रगति पर जोर दिया। कानून व्यवस्था के लिए एसडीएम और सीओ को विवादित गांवों में भ्रमण कर समस्याओं का निष्पक्ष निस्तारण करने को कहा। स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने और गांवों को समग्र विकास के जरिए खुशहाल बनाने के निर्देश दिए।
मिशन कर्मयोगी के तहत कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने और एनआईसी के सहयोग से ई-मेल के जरिए जानकारी साझा करने की हिदायत दी। बैठक में जिलाधिकारी हर्षिता माथुर, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अर्पित उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी अमृता सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।















