राजघाट में 25 लाख की लूट का 24 घंटे में खुलासा, 5 गिरफ्तार
गोरखपुर। राजघाट थाना क्षेत्र के बसंतपुर में हुई 25 लाख रुपये के गहनों की लूट का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। क्राइम ब्रांच, स्वाट टीम और राजघाट पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से लूटे गए गहने भी बरामद हुए।
एसपी सिटी अभिनव त्यागी और क्षेत्राधिकारी कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी ने प्रेस वार्ता में बताया कि 20-25 साल के इन युवकों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था, फिर भी इन्होंने लालच में आकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में करन चौधरी, सरफराज आलम, आदित्य शर्मा, अनुज शर्मा और रजत कुमार शामिल हैं, जो कोतवाली क्षेत्र के निवासी हैं। एक अन्य वांछित अभियुक्त की तलाश जारी है।
पुलिस ने सीसीटीवी, सर्विलांस और अथक प्रयासों से इस मामले को सुलझाया। खुलासे में राजघाट थाना प्रभारी सदानंद सिन्हा, स्वाट टीम प्रभारी मनीष यादव, एसओजी प्रभारी सूरज सिंह सहित कई पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। एसपी सिटी ने कहा, “युवा पीढ़ी को गलत रास्ते से बचना चाहिए, क्योंकि बुरे काम का अंजाम हमेशा बुरा होता है।”















