सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़, डीएम की अध्यक्षता में अहम बैठक।

सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़, डीएम की अध्यक्षता में अहम बैठक।

 

संतकबीरनगर: जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में नवागत पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। यह बैठक पाकिस्तान में हुई एयर स्ट्राइक “ऑपरेशन सिंदूर” के मद्देनजर जनपद में सुरक्षा और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए बुलाई गई थी। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) जय प्रकाश, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चंद्रेश कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में महत्वपूर्ण स्थलों और संवेदनशील इलाकों की सुरक्षा को मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने भौतिक सुरक्षा, निगरानी प्रणाली और परिधि सुरक्षा को उन्नत करने पर जोर दिया। आंतरिक सुरक्षा योजना के तहत मॉक ड्रिल आयोजित करने का आदेश भी दिया गया। जिलाधिकारी ने महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर प्रवेश नियंत्रण को कड़ा करने, पहचान पत्रों की जांच और सत्यापन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। रेलवे पुलों, ट्रैकों और सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में उच्च सतर्कता बरतने को कहा गया।

संचार टावर, जल प्रणालियों, बिजली सब-स्टेशनों जैसी प्रमुख सेवाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। खुफिया तंत्र को मजबूत करने और संवेदनशील क्षेत्रों में सूचना नेटवर्क को सक्रिय रखने पर बल दिया गया। सोशल मीडिया पर नजर रखने और अफवाहों या भ्रामक सूचनाओं के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करने का आदेश दिया गया। कंट्रोल रूम को उच्च सतर्कता पर रखने के साथ-साथ आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस और स्वास्थ्य सुविधाओं को अलर्ट मोड पर रखने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने पुलिस परिसरों, कार्यालयों, डिपो, और नियंत्रण कक्षों की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए। पुलिस वेबसाइट और सर्वर की साइबर सुरक्षा को सुदृढ़ करने पर जोर दिया। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर सतर्कता बरतने और छोटी घटनाओं को भी गंभीरता से लेने का आदेश दिया। डायल 112 आपातकालीन वाहनों को सतर्क रखने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामानुज कनौजिया, उप जिलाधिकारी खलीलाबाद शैलेश दुबे, धनघटा अरुण कुमार, मेहदावल संजीव राय, अपर उप जिलाधिकारी उत्कर्ष श्रीवास्तव, पुलिस क्षेत्राधिकारी अजीत चौहान, एआरटीओ प्रियंवदा सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव कुमार, और विभिन्न विभागों के अधिशासी अभियंता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। यह बैठक जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Previous articleउत्तर प्रदेश में प्रशासनिक फेरबदल, अधिकारियों के तबादले।
Next articleफरियादियों की अनदेखी पर होगी कार्रवाई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here