सनसनीखेज घटना: जंगल में पेड़ से लटकता मिला युवक का शव, गांव में दहशत, पुलिस जांच में जुटी।
संतकबीरनगर। जिले के महदइया जंगल में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी मचा दी है। रविवार सुबह बेल के पेड़ से 26 वर्षीय युवक रामदरश चौधरी उर्फ सनी का शव रस्सी से लटकता पाया गया। इस घटना से बखिरा थाना क्षेत्र के बिहारे गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
बिहारे गांव निवासी रामदरश चौधरी उर्फ सनी, पिता राजेंद्र चौधरी, मजदूरी करके अपना जीवनयापन करता था। वह शराब का आदी था और अविवाहित था। परिजनों के अनुसार, शनिवार शाम करीब 5 बजे वह घर से निकला था। देर रात तक वापस न लौटने पर स्वजन ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। रविवार सुबह कुछ ग्रामीणों ने शौच के लिए जंगल की ओर जाते समय पेड़ पर लटकता शव देखा। उनकी सूचना पर गांव में भीड़ जमा हो गई और पुलिस को जानकारी दी गई।
जांच में जुटी पुलिस:
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और प्रारंभिक जांच में आत्महत्या से लेकर अन्य संभावनाओं पर गौर कर रही है। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर दहशत का माहौल है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।















