नेत्र कुंभ की अनुपम सेवा: शाही ग्लोबल हॉस्पिटल में 21 कुंभ वासियों की मुफ्त नेत्र सर्जरी, स्वस्थ जीवन की ओर एक कदम।

नेत्र कुंभ की अनुपम सेवा: शाही ग्लोबल हॉस्पिटल में 21 कुंभ वासियों की मुफ्त नेत्र सर्जरी, स्वस्थ जीवन की ओर एक कदम।

गोरखपुर ।। शाही ग्लोबल हॉस्पिटल में महाकुंभ के दौरान आयोजित विश्व के सबसे बड़े अस्थायी स्वास्थ्य शिविर ‘नेत्र कुंभ’ की सेवा का सिलसिला जारी है। आज यहां 21 कुंभ वासियों (तीर्थयात्रियों) की नेत्र सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न हुई। हाल ही में प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाई थी, जहां नेत्र कुंभ के तहत 2,37,169 लोगों का मुफ्त नेत्र परीक्षण किया गया। इसमें 1,62,925 लोगों को मुफ्त चश्मा वितरित किया गया, जबकि 17,038 लोगों को सर्जरी के लिए चिन्हित किया गया। इनमें से गोरक्ष प्रांत में 1,010 लोगों की सर्जरी होनी है, जो पूरी तरह निःशुल्क और सेवा भाव से की जा रही है।  

शाही ग्लोबल हॉस्पिटल में आज मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार दुबे और गोरखपुर के लोकप्रिय चिकित्सक व महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने मरीजों का स्वागत किया। साल और आरती संग्रह भेंट कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। सक्षम के दृष्टिबाधित प्रांत प्रमुख डॉ. अजय पति त्रिपाठी के नेतृत्व में 21 मरीजों की सर्जरी की गई। ऑपरेशन के साथ-साथ दवा, भोजन, आवास और डॉक्टरी सेवाएं भी मुफ्त प्रदान की गईं।  

शाही ग्लोबल हॉस्पिटल के निदेशक व सक्षम के प्रांत अध्यक्ष डॉ. शिव शंकर शाही ने बताया कि यह सेवा कार्य शहर के विभिन्न अस्पतालों, जैसे बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज और सुभाष चंद्र बोस जिला चिकित्सालय के सहयोग से पूरा किया जाएगा। निजी संगठन भी इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।  

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार दुबे, सक्षम के प्रांत सचिव रमाकांत, कोषाध्यक्ष फिरंगी प्रसाद, कार्यकारिणी सदस्य रवि वर्मा, नरेंद्र सिंह, दृष्टि प्रकोष्ठ प्रमुख डॉ. अजय पति त्रिपाठी, धीमहि प्रकोष्ठ प्रमुख डॉ. मुकेश नारायन, महानगर अध्यक्ष डॉ. मुकेश शुक्ला, डॉ. सीमा शाही सहित संघ और सामाजिक संगठनों के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। यह आयोजन सनातन धर्म की सेवा परंपरा का एक जीवंत उदाहरण बन गया है।

Previous articleफिटनेस फिएस्टा 2025: बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास का शानदार उत्सव
Next articleआस्था और सेवा का संगम: केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने गोरखनाथ मंदिर में किए गुरु गोरक्षनाथ के दर्शन

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here