प्रशिक्षु आईपीएस आशना चौधरी ने संभाली गीडा की कमान, अपराधियों को चेतावनी।
गोरखपुर। सहजनवां। 2023 बैच की प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी आशना चौधरी ने गीडा थाना प्रभारी के रूप में पदभार ग्रहण किया। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के पिलखुवा कस्बे की निवासी आशना के पिता डॉ. अजीत चौधरी एक विश्वविद्यालय में प्रोफेसर हैं। उनकी शैक्षिक यात्रा बेहद प्रेरणादायक रही है। आशना ने गाजियाबाद के दिल्ली पब्लिक स्कूल से पढ़ाई की और ह्यूमैनिटीज विषयों के साथ 12वीं की बोर्ड परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद 2019 में दिल्ली यूनिवर्सिटी के प्रतिष्ठित लेडी श्रीराम कॉलेज से इंग्लिश लिटरेचर में ऑनर्स की डिग्री हासिल की। फिर 2023 में नई दिल्ली की साउथ एशियन यूनिवर्सिटी से इंटरनेशनल रिलेशंस में मास्टर्स पूरा किया।
पदभार संभालते ही आशना ने दृढ़ संकल्प के साथ अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा, “क्षेत्र की जनता के लिए मेरे द्वार हमेशा खुले हैं, लेकिन अपराधियों के पास दो ही रास्ते हैं- या तो क्षेत्र छोड़ दें, वरना कानून का अंजाम भुगतने को तैयार रहें।” थाना प्रभारी ने क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों से अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने अवैध गतिविधियों पर सख्ती और सामान्य शिकायतों को थाना स्तर पर निपटाने पर जोर दिया।
महिला अपराधों को रोकना उनकी विशेष प्राथमिकता है। आशना ने कहा, “महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर हर हाल में रोक लगेगी। अपराधियों को संरक्षण देने वालों पर भी शिकंजा कसा जाएगा।” प्रशिक्षु आईपीएस ने सरकार के ‘अपराध मुक्त जिला’ के सपने को साकार करने के लिए हर स्तर पर प्रयास करने का वादा किया। उनकी यह दृढ़ता क्षेत्र में एक नए युग की शुरुआत का संकेत देती है।















