ग्राहक सेवा केंद्र में साढ़े चार लाख रुपये की चोरी।
-पौली चौराहे पर स्थित ग्राहक सेवा केंद्र में चोरों ने की वारदात
-शटर का ताला तोड़ कर अंदर घुसे थे चोर
– पुलिस की जांच पड़ताल में घटना संदिग्ध
संत कबीर नगर
धनघटा क्षेत्र के पौली में संचालित एक ग्राहक सेवा केंद्र में सोमवार की रात चोरों ने शटर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात की। चोर काउंटर में रखा साढ़े चार लाख रुपये नकदी चुरा ले गए। सूचना पर मंगलवार की सुबह पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है।
धनघटा थाना क्षेत्र के सोनहन गांव के रहने वाले कादिर हुसेन पुत्र मुकर्रम हुसेन पौली में ग्राहक सेवा केंद्र संचालित करते हैं। पीड़ित ग्राहक सेवा केंद्र संचालक कादिर हुसेन ने बतया कि सोमवार की रात करीब साढ़े आठ बजे वे केंद्र में ताला बंद करके घर चले गए। मंगलवार की सुबह जब ग्राहक सेवा केंद्र पर पहुंचे तो शटर का ताला टूटा देख कर दंग रह गए। आरोप है कि उनके काउंटर में रखा साढ़े चार लाख रुपये चोर उठा ले गए। सूचना पर एसओ रामकृष्ण मिश्र और पौली चौकी इंचार्ज अशोक दूबे ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। एसओ ने बताया कि शटर में सेंट्रल लॉक नहीं था। इसके अलावा कैमरा नहीं लगा है। जिस काउंटर से साढ़े चार लाख नकदी चोरी होना बताया गया, जांच में उसी काउंटर से 5000 रुपये नकदी मिली। केंद्र के संचालक गायब बताए गए। रकम का हिसाब-किताब नहीं बता पा रहे हैं। ऐसे में जांच पड़ताल से प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है।















