सहजनवा की महिला को बेचने के मामले में चार पर केस, एक को जेल।

सहजनवा की महिला को बेचने के मामले में चार पर केस, एक को जेल।

-आठ जुलाई को घुमाने के बहाने महिला को ले गए और नशे में करके राजस्थान में करवा दी शादी

-राजस्थान में आरोपी दो सगे भाइयों ने कमरे में बंद कर महिला को मारापीटा और जानमाल की दी धमकी   

-गोरखपुर की आरोपी महिला ने पुरुष साथी संग मिलकर दस लाख में महावीर के हाथ बेचा था 

-आरोपी सगे भाईयों ने दस लाख देने पर ही महिला को छोड़ने की कहीं थी बात   

-तीन अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

———————————————————————  

संतकबीरनगर। 

सहजनवा क्षेत्र की रहने वाली महिला को घुमाने के बहाने राजस्थान ले जाकर बेच दिए जाने के मामले में पुलिस ने बुधवार की देर रात आरोपी गोरखपुर की महिला समेत चार लोगों पर केस दर्ज किया। गुरुवार को पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी महिला को कोर्ट में पेश किया, वहां से कोर्ट ने आरोपी महिला को न्यायिक अभिरक्षा में लेते हुए जेल भेज दिया। पुलिस तीन अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है। 

गोरखपुर जिले के सहजनवा क्षेत्र की रहने वाली 43 वर्षीय पीड़ित महिला का आरोप है कि वह पिछले दो वर्षों से सूरजकुंड गोरखपुर में किराए के मकान में रहती है। उसके पति बाहर कमाते हैं। वह घर पर अकेली रहती है। उसकी जुलाई 2024 में राजमती पत्नी शिवलाल निवासी बिलन्दपुर खत्ता गोरखपुर और जितेंद्र निवासी बनकटवा जिला गोरखपुर से मुलाकात हुई थी। 08 जुलाई 2024 की शाम 4 बजे उक्त लोग घुमाने के लिए कहकर उसे सूरजकुंड, गोरखपुर के उसके कमरे से लेकर राजस्थान चले गए। वहां पर 3-4 दिन तक अपने पास रखकर खिलाया और घुमाए भी। आरोप है कि एक दिन उक्त लोग उसे नशे में करके राजस्थान में ही महावीर नाम के व्यक्ति के साथ शादी करवा कर भाग आए। होश में आने के बाद जब वहां से वापस आना चाहा तो उक्त महावीर ने उसको जबरदस्ती घर में बंद कर दिया। महावीर व उसका भाई सीताराम उसे मारपीट कर जान माल की धमकी देने लगा। छोड़ने के लिए उससे 10 लाख रुपये की मांग करने लगा। कहा कि उक्त राजमती व जितेंद्र ने उसको 10 लाख रुपये में बेचा है। जानकारी होने पर उसके पति ने कोतवाली खलीलाबाद में गुमशुदगी लिखवाई गई। जिसकी वजह से पुलिस सहायता से उसकी रक्षा हो सकी और वापस घर आ सकी। उसके साथ उक्त राजमती व जितेंद्र ने काफी गलत काम किया है। मामले के विवेचक एसएसआई राजेश दूबे ने बताया कि बुधवार देर रात पीड़िता की तहरीर पर आरोपी राजमती, जितेंद्र, महावीर और सीताराम के खिलाफ अपहरण कर बेच देने के मामले में केस दर्ज किया गया। गिरफ्तार आरोपी राजमती के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गुरुवार को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में लेते हुए जेल भेज दिया। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास जारी है।

Previous articleधनघटा क्षेत्र में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म, दो गिरफ्तार.
Next articleरिश्तेदारी में जा रहे युवक की हादसे में मौत।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here