धनघटा क्षेत्र में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म, दो गिरफ्तार.
-बुधवार की देर शाम घर से 200 मीटर दूर बाबा को भोजन देने गई थी
-रास्ते में अकेला पाकर किशोरी को बाग में उठा ले गए और हैवानियत की
-पुलिस ने गांव के ही रहने वाले दो आरोपियों पर दर्ज किया केस
-एएसपी, सीओ ने फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंच कर की जांच पड़ताल
-पुलिस ने सूचना के 12 घंटे के भीतर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल
संतकबीरनगर.
धनघटा क्षेत्र की रहने वाले एक किशोरी से बुधवार की देर शाम गांव के ही रहने वाले दो युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। घर से 200 मीटर दूरी पर अपने बाबा को भोजन देकर लौटते समय रास्ते से किशोरी को आरोपी बाग में उठा ले गए। फिर हैवानियत की। पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपियों पर सामूहिक दुष्कर्म का केस दर्ज किया। घटना के 12 घंटे के भीतर ही पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पीड़ित 15 वर्षीय किशोरी बुधवार की शाम 7:30 बजे घर से 200 मीटर दूरी पर अपने बाबा को भोजन देने गई थी। बाबा को भोजन देकर घर लौट रही थी। उसी दौरान रास्ते में गांव के ही रहने वाले दो युवक मिले। पीड़ित किशोरी का आरोप है कि उसे अकेला देखकर एक युवक ने रोक लिया और उसका हाथ पकड़ कर जबरन खेत की ओर ले जा रहा था। उसने विरोध किया तो युवक ने छोड़ दिया। आरोप है कि दूसरा युवक खेत की ओर बाग में ले गया। एक युवक ने उसका हाथ पकड़ लिया और दूसरे ने उसका कपडा उतार दिया। आरोप है कि फिर उसके साथ गलत काम किया। आरोप है कि उसे जाति सूचक शब्दों से अपमानित करते हुए मारपीट कर दोनों युवक वहां से भाग गए। रोती-बिलखती पीड़ित किशोरी अपने घर पहुंची और अपनी दीदी को आपबीती बताई। उसके बाद पीड़ित परिजनों ने 112 नंबर पर सूचना दिया तो पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। बाद में पीड़ित किशोरी ने अपने मां-बाप के साथ थाने पहुंच कर तहरीर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म और एससीएसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया। इधर घटना के 12 घंटे के भीतर ही पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को एएएसी सुशील कुमार सिंह, सीओ अजय सिंह, एसओ राम कृष्ण मिश्रा फील्ड यूनिट के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए। फील्ड यूनिट ने जांच पड़ताल कर नमूना जुटाया। एसओ रामकृष्ण मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में लेते हुए जेल भेज दिया।
——————————————————-
धनघटा क्षेत्र में किशोरी से हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले के दोनों आरोपियों को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के 12 घंटे के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित किशोरी का महिला आरक्षी की देखरेख में मेडिकल परीक्षण कराया गया। जबकि पकड़े गए दोनों आरोपियों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कोर्ट भेजा, जहां से दोनों आरोपी जेल भेज दिए गए।
सत्यजीत गुप्ता,















