नौहट कांड के आरोपी दंपति समेत तीन गिरफ्तार।

नौहट कांड के आरोपी दंपति समेत तीन गिरफ्तार।

-15 नवंबर को पेड़ के जड़ को लेकर हुआ था विवाद  

-तीन सगे भाई समेत आठ पर दर्ज हुआ था हत्या का केस

-पीएम रिपोर्ट में मौत का कारण अस्पष्ट, बिसरा सुरक्षित

-विवेचना से गैर इरादतन हत्या में तरमीम हुआ मुकदमा

-अन्य आरोपियों की गिरफ्तार के प्रयास में जुटी पुलिस

 

संतकबीरनगर। 

 कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के नौहट के रहने वाले वृद्ध निर्मल चौधरी की मौत के मामले के आरोपी दंपती समेत तीन लोगों को पुलिस ने डीघा बाईपास के निकट से सोमवार की भोर में गिरफ्तार किया। पुलिस ने विवेचना से हत्या में दर्ज मुकदमे को गैर इरादतन हत्या में तरमीम किया। पुलिस ने शाम को पकड़े गए तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने तीनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में लेते हुए जेल भेज दिया।    

नौहट निवासी पीड़ित बेटे यशवंत चौधरी का आरोप है कि 15 नवंबर को वह और उसके पिता निर्मल चौधरी घर से जा रहे थे। रास्ते में जल जीवन का काम चल रहा था, जो नौहट भट्ठे के पास है। उसमें पेड़ की जड़ की खुदाई चल रही थी। वहां पर हरिराम चौधरी, श्रीराम चौधरी, संतराम चौधरी, रोहित चौधरी, नागेंद्र चौधरी, सदानंद और प्रेमशीला पत्नी रोहित पेड़ की जड़ ले जा रहे थे। वह और उसके पिता निर्मल चौधरी, वासुदेव विश्वकर्मा ने मना किया तो उक्त लोग सरिया, रॉड, हॉकी, लात-घूसों से उसे और उसके पिता व वासुदेव विश्वकर्मा को मारने-पीटने लगे। वे सब कह रहे थे कि परमात्मा चौधरी ने कहा कि उन लोगों को जान से मार डालो। शोर सुनकर गांव के लोग पहुंचे और बचाव किए। उसे और वासुदेव को चोटें आईं। जबकि पिता निर्मल को लोग ज्यादा मारपीट दिए थे। लोगों की मदद से पिता को जिला अस्पताल ले गए, वहां उनकी मृत्यु हो गई। वह गांव के पूर्व प्रधान कौशल चौधरी की हत्या के मुकदमे में गवाह है। इसी कारण उक्त मुकदमे के अभियुक्त परमात्मा चौधरी द्वारा धमकी दी गई थी कि जो भी गवाही करेगा, उसको छोड़ेंगे नहीं। पुलिस ने इस मामले में हरिराम चौधरी, श्रीराम चौधरी, संतराम चौधरी, रोहित चौधरी, नागेंद्र चौधरी, सदानंद चौधरी, प्रेमशीला और परमात्मा चौधरी के खिलाफ हत्या, मारपीट, षड़यंत्र का केस दर्ज किया था। कोतवाल सतीश सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में वृद्ध के मौत का कारण स्पष्ट नहीं है और रिपोर्ट बिसरा सुरक्षित किया गया है। विवेचना से दर्ज हत्या के मुदकमें को गैर इरादतन हत्या में तरमीम कर दिया गया। सोमवार की भोर में सूचना मिली कि इस मामले के आरोपी रोहित चौधरी, उनकी पत्नी प्रेमशीला और श्रीराम चौधरी गोरखपुर भागने के फिराक में है और डीघा बाईपास के पास मौजूद हैं। सूचना के आधार पर बरदहिया चौकी इंचार्ज ललितकांत यादव, कांस्टेबल विशाल सिंह, उदयप्रताप सिंह, महिला कांस्टेबल अनुपमा पांडेय के सहयोग से आरोपी दंपति समेत तीनों को गिरफ्तार किया गया। पकड़ने गए तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया। शेष आरोपियों के गिरफ्तारी का प्रयास जारी है। 

————-

पुलिस ने विवेचना के क्रम में कार्रवाई करते हुए आरोपी दंपति समेत तीन लोग गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में पुलिस जुटी है।  

अजीत चौहान,

  सीओ सदर

Previous articleकरंट की चपेट में आने से राजगीर की मौत।
Next articleपुलिस पर ऐतबार नहीं, बदली विवेचना।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here