फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में नौनिहालाें ने किया परिधानों का प्रर्दशन।
संतकबीरनगर। सूर्या इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सोमवार को दिवाली के अवसर पर फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता हुई। इसमें प्लेवे से लेकर यूकेजी तक के नौनिहालों ने शिरकत की। अपने परिधानों से नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी भावनाओं को प्रदर्शित किया। कुछ बच्चों ने अपने परिधानों से भगवान राम, भगवान कृष्ण, राधा, हनुमान, भारत माता की छवि को प्रदर्शित किया तो कुछ बच्चों ने डॉक्टर, इंजीनियर व पुलिस ऑफिसर की ड्रेस धारण करके फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में विविध स्वरूपों का प्रदर्शन किया।
प्लेवे क्लास के छात्रों ने प्रकृति और भारतीय एकता को दर्शाते परिधानों को धारण करके जहां मनमोहक प्रस्तुति का प्रदर्शन किया वहीं एलकेजी के छात्र-छात्राओं ने देवी-देवताओं के परिधान धारण कर प्राचीन भारतीय संस्कृति का संदेश दिया। प्रबंधक डाॅ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने कहा कि छोटी उम्र से ही ऐसी प्रतियोगिताओं में शामिल होने से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है। परिधान व्यक्ति के भीतर छिपी कर्तव्यनिष्ठा और समाज के प्रति उनकी व्यवहारिकता को प्रदर्शित करते हैं। इस दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया। इस अवसर पर सविता चतुर्वेदी, प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव, शरद त्रिपाठी, नितेश द्विवेदी, बबिता पांडेय, तपस्या रानी सिंह, आशुतोष पांडेय समेत अन्य मौजूद रहे।















