मामले आए 64 और निस्तारित हुए सिर्फ चार।
-थाना समाधान दिवस
-अधिकारियों ने सुनी शिकायतें, निस्तारण का दिया आदेश
-कहा- मौके पर जाकर शिकायतों का करें निस्तारण
———————————————–
बखिरा थाने में थाना समाधान दिवस पर शिकायतों की सुनवाई करते डीएम व एसपी
——————————————————
संतकबीरनगर।
जिले के सभी थानों पर शनिवार को थाना समाधान दिवस आयोजित हुआ। बखिरा थाने पर डीएम महेंद्र सिंह तंवर व एसपी सत्यजीत गुप्ता ने फरियादियों की समस्याएं सुनी। जिले के सभी थानों पर कुल 64 मामले आए। जिसमें से 61 मामले राजस्व के थे और तीन मामले पुलिस से संबंधित थे। मौके पर राजस्व से संबंधित चार मामले निस्तारित किए गए। शेष लंबित मामलों को निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सुपुर्द कर दिया गया।
बखिरा संवाद के अनुसार डीएम ने राजस्व और पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए कि जमीनी विवादों का निस्तारण जल्द से जल्द कराएं। जिससे गांवों में शांति व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि गांवों को विवाद मुक्त बनाया जा सके। थाना समाधान दिवस में प्राप्त शिकायती प्रार्थना पत्रों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण जल्द से जल्द किया जाना चाहिए तथा जिन प्रार्थना पत्रों का निस्तारण उच्चाधिकारी स्तर से किया जाना है, उन पर रिपोर्ट लगाकर सम्बंधित अधिकारी को प्रेषित करें। जिससे समय से उचित निस्तारण कराया जा सके। विवादित स्थल पर राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम अवश्य पहुंचे और पारदर्शिता के साथ समाधान करें। एसपी सत्यजीत गुप्ता ने कहा कि राजस्व विवादों को पुलिस कर्मी हल्के में न लें। शांति व्यवस्था स्थापित करने में कोई कसर नहीं होनी चाहिए। थाना समाधान दिवस में आए मामले के निस्तारण के लिए राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम गठित करके विभिन्न गांवों में निस्तारण के लिए रवाना किया गया। इस दौरान थानाध्यक्ष श्याम मोहन,चौकी प्रभारी विनोद कुमार यादव,एसआई शैलेन्द्र सिंह समेत राजस्वकर्मी व पुलिसकर्मी मौजूद रहे।















