देवरिया बंदरों की आतंक से ग्रामीणों में दहशत।
पथरदेवा, तरकुलवा सीएचसी पर नहीं है रेबीज का इंजेक्शन।
तरकुलवा। थाना क्षेत्र के ग्राम सोहनरिया में बंदर के आतंक से लोग दहशतजदा हैं। एक सप्ताह के भीतर बंदर ने 15 लोगों पर हमला कर जख्मी कर दिया है। सभी घायलों को सीएचसी पथरदेवा भेजा गया, जहां रेबीज का इंजेक्शन उपलब्घ नहीं होने पर उनको तरकुलवा सीएचसी में भर्ती कराया गया है। जहां सभी का इलाज चल रहा है। इस अस्पताल में रेबीज का इंजेक्शन उपलब्घ नहीं होने की भी खबर है। उधर, बंदर के भय से लोग घर से बाहर निकलने से डर रहे हैं। गांव के लोग बंदर के आतंक से दहशत में हैं।
सोहनरिया गांव में बंदर ने सोमवार को गांव के तिलकधारी गुप्ता, शिव गुप्ता, प्रभु, राज, भुवाल व चिउरटहां के फूलमती देवी, रामनरेश सिंह सहित कई लोगों को काटकर जख्मी कर दिया है। उधर, ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से बंदर को पकड़वाने की मांग की है। गांव के लोग टीम बनाकर बंदर को भगा कर गांव के बाहर कर रहे हैं, लेकिन कुछ देर बाद बंदर आ जा रहा है। बंदर के भय से लोग खेत की ओर जाने से कतरा रहे हैं। घरों से बाहर निकलने में भी लोग भय खा रहे हैं।
रेंजर अनुपमा मौर्या का कहना है कि बंदर पकड़वाने का काम वन विभाग नहीं करता। यह काम अब प्राइवेट शिकारी करते हैं। जिनका खर्च ग्राम पंचायत को वहन करना होता है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि प्रमोद गुप्ता ने बताया कि इसकी सूचना एसडीम और वन विभाग के अधिकारियों को देकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है। बंदर पकड़वाने में लगने वाला खर्च ग्राम पंचायत वहन करने को तैयार है।















