जेल से आजाद हुआ अमेरिकी बंदी, बोला- ‘गुड बाय गोरखपुर।
गोरखपुर।वीजा में फर्जीवाड़ा करने के आरोप में नेपाल बॉर्डर से पकड़ा गया अमेरिकी बंदी स्काॅट बायड क्नोक्स (60) बुधवार को जिला कारागार से रिहा हो गया। जाते समय उसने हाथ जोड़कर सभी को नमस्ते किया, इसके बाद हाथ हिलाकर गुड बाय गोरखपुर बोलते हुए रवाना हो गया।
एसपी महराजगंज की ओर से गठित पुलिस टीम औपचारिकता पूरी कर दोपहर 12 बजे उसे साथ लेकर गई। एग्जिट काॅर्ड आने तक स्काॅट बायड महराजगंज में ही पुलिस की देखरेख में रहेगा।
एग्जिट कार्ड आने पर पुलिस टीम उसे दिल्ली लेकर जाएगी। वहां अमेरिकी दूतावास की मदद से उसे उसके घर भेजा जाएगा। अभी कुछ दिन पहले ही अमेरिकी नागरिक के दोस्त ने कोर्ट में जुर्माने की रकम 90 हजार जमा कराई है। इसके अभाव में अमेरिकी बंदी को छह माह अतिरिक्त सजा काटनी पड़ती।
“स्काॅट बायड 26 जून 2015 को भारत आया था। वर्ष 2016 में वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी उसने देश नहीं छोड़ा। तीन जून 2022 को बिहार की रक्सौल सीमा से स्काॅट ने नेपाल जाने का प्रयास किया, लेकिन लौटा दिया गया।
15 जून, 2022 की शाम वह सोनौली सीमा पर पहुंचा। अधिकारियों को पासपोर्ट दिखाया, जिस पर छह जून, 2022 को मुंबई पहुंचने की मुहर लगी थी। संदेह होने पर इमिग्रेशन के अधिकारियों ने छानबीन की तो स्काॅट की जालसाजी का भंडाफोड़ हो गया। इमिग्रेशन अधिकारी की तहरीर पर केस दर्ज कर महराजगंज जिले की सोनौली थाना पुलिस ने उसे जेल भिजवा दिया था।















