डीआईजी ने शोहरतगढ़ थाने का किया औचक निरीक्षण, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण के दिए निर्देश
अभिलेखों को अपडेट रखने और वांछितों की गिरफ्तारी में तेजी लाने की हिदायत
बस्ती। पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने शनिवार को सिद्धार्थनगर जिले के शोहरतगढ़ थाने का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, मालखाना, साइबर हेल्पडेस्क, सीसीटीएनएस कार्यालय, बंदी गृह, मिशन शक्ति केंद्र और आगंतुक कक्ष सहित परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डीआईजी ने थाना कार्यालय के अभिलेखों की जांच कर सभी प्रविष्टियां अद्यतन रखने और परिसर में नियमित साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण करने, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने तथा माल मुकदमाती और लावारिस वाहनों का ऑपरेशन क्लीन के तहत निस्तारण कराने को कहा।
उन्होंने थाना प्रभारी को पुलिसिंग में लापरवाही न बरतने और सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने की हिदायत दी।
निरीक्षण के दौरान एएसपी सिद्धार्थनगर प्रशांत कुमार प्रसाद, सीओ शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी, सीओ डुमरियागंज बृजेश कुमार वर्मा, प्रभारी निरीक्षक शोहरतगढ़ सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।















