पुलिस लाइन में मेगा हेल्थ एवं कैंसर स्क्रीनिंग कैंप, विशेषज्ञों ने की स्वास्थ्य जांच
पुलिसकर्मियों, परिजनों और छात्राओं को मिला चिकित्सकीय परामर्श, कैंसर के शुरुआती लक्षणों के प्रति किया जागरूक
गोरखपुर। पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने तथा छात्राओं को विभिन्न बीमारियों और कैंसर से बचाव की जानकारी देने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस में मेगा हेल्थ एवं कैंसर स्क्रीनिंग कैंप आयोजित किया गया। सिनर्जी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल एंड कैंसर इंस्टीट्यूट की ओर से आयोजित शिविर में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, उनके परिजनों और विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने हिस्सा लिया।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया और विभिन्न बीमारियों की जांच एवं उपचार से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई। पुलिसकर्मियों की व्यस्त और चुनौतीपूर्ण ड्यूटी को देखते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व पर जोर दिया गया। छात्राओं को महिला स्वास्थ्य और कैंसर से संबंधित जरूरी जानकारियां भी दी गईं।
अलग-अलग विशेषज्ञों ने दिया परामर्श
शिविर में स्त्री एवं कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. शहाना पुन्नेशेट्टी ने गायनी ऑन्कोलॉजी, यूरोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. आरके सिंह ने मूत्र एवं गुर्दे से जुड़ी समस्याओं पर परामर्श दिया। हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. शशांक श्रीवास्तव ने हड्डियों और जोड़ों, जबकि गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. सौरभ मिश्रा ने पेट और पाचन तंत्र से संबंधित बीमारियों की जानकारी दी।
हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. शुभम श्रीवास्तव ने हृदय संबंधी समस्याओं और बचाव के उपाय बताए। प्लास्टिक सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. वरुण शुक्ला, हेड एंड नेक सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. तारिक अनवर और डेंटल सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. गौरव जायसवाल ने भी अपनी विशेषज्ञता के अनुसार परामर्श दिया।
चिकित्सकों ने लोगों को बीमारियों के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने और समय पर जांच कराने की सलाह दी। विशेष रूप से कैंसर की समय रहते पहचान और उपचार के महत्व पर जोर दिया गया। महिला स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं पर भी खुलकर चिकित्सकीय सलाह लेने और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने की अपील की गई।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नगर गोरखपुर और सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी लाइन सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। अस्पताल की ओर से प्रबंध निदेशक डॉ. आलोक तिवारी, मेडिकल डायरेक्टर डॉ. सौरभ मिश्रा और एडमिनिस्ट्रेटिव डायरेक्टर डॉ. अंजलि जैन ने सहभागिता की।















