त्योहारों को लेकर एसपी ने निकाला पैदल मार्च, बाजारों में बढ़ाई सुरक्षा
बस्ती। आगामी त्योहारों और यातायात माह नवंबर के सुचारू संचालन तथा जनजागरूकता के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने रविवार को भारी पुलिस बल के साथ शहर में पैदल मार्च किया। इस दौरान उन्होंने आमजन से संवाद कर यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
एसपी ने अपर पुलिस अधीक्षक, सहायक पुलिस अधीक्षक सदर, क्षेत्राधिकारी यातायात, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली और प्रभारी निरीक्षक यातायात सहित पुलिस बल के साथ थाना कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइन से बड़ेवन तक मार्च निकाला।
एसपी ओमवीर सिंह ने बताया कि जनपद में यातायात माह का शुभारंभ कर लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया है। पुलिस का उद्देश्य यातायात नियमों की अनदेखी से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं और असमय मौतों को कम करना है।
धनतेरस से छठ पर्व तक बाजारों में भीड़ और आवागमन को देखते हुए बाजारों, चौराहों और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। शहर से लेकर ग्रामीण कस्बों तक पैदल गश्त कर व्यापारियों और नागरिकों से संवाद किया जा रहा है। इस दौरान त्योहारों के नाम पर अवैध वसूली या चंदा मांगने, मनबढ़ों और जुआ खेलने वालों की गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी ली जा रही है, ताकि शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जा सके।
सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के लिए सड़क किनारे स्थित वित्तीय संस्थानों, पेट्रोल पंपों, बैंकों और बड़े शोरूम संचालकों से अपने परिसरों के साथ सड़क की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए भी एक-दो कैमरे लगाने का अनुरोध किया गया है। इससे किसी घटना की स्थिति में आरोपियों की पहचान करने में मदद मिल सकेगी।
एसपी ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों को नियमों के प्रति जागरूक और प्रेरित भी किया जाएगा।















