डीएम ने सरदार पटेल को नमन कर दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ
कलेक्ट्रेट में मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस, अधिकारियों-कर्मचारियों ने लिया एकजुटता का संकल्प
गोरखपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती शनिवार को जिले में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय में सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।
शपथ के दौरान सभी ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने के साथ राष्ट्र की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में योगदान देने का संकल्प लिया। अधिकारियों-कर्मचारियों ने देशवासियों के बीच एकता और अखंडता का संदेश फैलाने तथा सरदार पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लेने की प्रतिबद्धता भी जताई।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा कि राष्ट्र निर्माण और देश की एकता को मजबूत बनाने में सरदार पटेल का योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। स्वतंत्रता के बाद विभिन्न रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराकर उन्होंने एक मजबूत और एकीकृत भारत की नींव रखी। उनका जीवन देशसेवा, दृढ़ संकल्प और राष्ट्रीय एकता की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में एडीएम प्रशासन डॉ. वैभव शर्मा, एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव सहित कलेक्ट्रेट के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
उल्लेखनीय है कि सरदार वल्लभभाई पटेल स्वतंत्र भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री थे। देशी रियासतों के एकीकरण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के कारण उन्हें लौह पुरुष कहा जाता है। उनकी जयंती प्रतिवर्ष राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाती है, जिसका उद्देश्य नागरिकों में एकता, अखंडता, सुरक्षा और आपसी सौहार्द की भावना को मजबूत करना है।















