मंडलायुक्त ने सरदार पटेल को नमन कर दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ
अपर आयुक्त न्यायिक राजेश श्रीवास्तव ने भी चित्र पर पुष्प अर्पित किए
गोरखपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शनिवार को मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह ने कार्यालय में उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। सभी ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने के साथ राष्ट्र की आंतरिक सुरक्षा में योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में अपर आयुक्त न्यायिक राजेश श्रीवास्तव ने भी सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। मंडलायुक्त ने कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में सरदार पटेल का योगदान अतुलनीय है। स्वतंत्रता के बाद विभिन्न रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराकर उन्होंने एकीकृत भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। इस दौरान मंडलायुक्त कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत बनाने और आपसी सौहार्द बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई।
उल्लेखनीय है कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती 31 अक्टूबर को पूरे देश में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाती है। इसका उद्देश्य देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति नागरिकों को जागरूक करना है।















