ट्रक की टक्कर से सिपाही अर्जुन राम की मौत, पुलिस लाइन में दी गई श्रद्धांजलि सीओ कार्यालय से सरकारी कागजात लेकर जा रहे थे झंगहा थाना, देवीपुर के पास हादसा पत्नी और दो बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़, पुलिस महकमे में शोक

ट्रक की टक्कर से सिपाही अर्जुन राम की मौत, पुलिस लाइन में दी गई श्रद्धांजलि

सीओ कार्यालय से सरकारी कागजात लेकर जा रहे थे झंगहा थाना, देवीपुर के पास हादसा

पत्नी और दो बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़, पुलिस महकमे में शोक

गोरखपुर। चौरीचौरा थाना क्षेत्र के देवीपुर गांव के पास शुक्रवार रात ट्रक की टक्कर से झंगहा थाने में तैनात आरक्षी अर्जुन राम की मौत हो गई। वह चौरीचौरा स्थित क्षेत्राधिकारी कार्यालय से सरकारी कागजात लेकर मोटरसाइकिल से झंगहा थाने जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल आरक्षी को पुलिसकर्मी एम्स ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।

सरकारी काम से जाते समय हुआ हादसा

बलिया जिले के निवासी अर्जुन राम पुत्र तेज प्रताप गौड़ झंगहा थाने में आरक्षी नागरिक पुलिस के पद पर तैनात थे। शुक्रवार रात करीब 10 बजे वह सीओ कार्यालय से सरकारी कागजात लेकर जा रहे थे। देवीपुर गांव के पास ट्रक की टक्कर से वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें तत्काल एम्स अस्पताल ले गई, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

पत्नी और दो बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल

अर्जुन राम करीब दो साल तक चौरीचौरा थाने में तैनात रहे थे। लगभग एक साल पहले उनका स्थानांतरण झंगहा थाने में हुआ था। उनका परिवार चौरीचौरा थाना परिसर स्थित सरकारी आवास में रहता है। उनकी असामयिक मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और दो बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। साथी पुलिसकर्मियों में भी शोक व्याप्त है।

एसएसपी ने दी श्रद्धांजलि

शनिवार को पुलिस लाइन स्थित पुलिस शहीद स्मृति स्थल पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने दिवंगत आरक्षी अर्जुन राम को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। गोरखपुर पुलिस ने भी आरक्षी के निधन पर दुख जताते हुए परिवार को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की कामना की।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में एसपी उत्तरी राजेश धूमावत, एसपी अपराध अयोध्या प्रसाद सिंह, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी लाइन अरुण कुमार एस. और प्रतिसार निरीक्षक अविचित पांडेय सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

ट्रक कब्जे में, चालक की तलाश

दुर्घटना के बाद पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। एक साथी के असामयिक निधन से पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।

Previous articleसदर तहसील में 193 फरियादियों ने लगाई न्याय की गुहार डीएम-एसएसपी ने सुनीं शिकायतें, 25 मामलों का मौके पर निस्तारण
Next articleपात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने घर-घर पहुंचें बीएलओ डीएम दीपक मीणा ने 14 बूथों का किया निरीक्षण, मतदाता जागरूकता बढ़ाने के निर्देश नाम दर्ज कराने से लेकर संशोधन तक की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं अधिकारी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here