सेब की पेटियों की आड़ में ले जाई जा रही 220 पेटी अवैध शराब बरामद खलीलाबाद पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई, डीसीएम ट्रक समेत दो तस्कर गिरफ्तार; पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार

सेब की पेटियों की आड़ में ले जाई जा रही 220 पेटी अवैध शराब बरामद

खलीलाबाद पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई, डीसीएम ट्रक समेत दो तस्कर गिरफ्तार; पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार

संतकबीरनगर। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली खलीलाबाद पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने शनिवार को मगहर हाईवे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 220 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। पुलिस ने डीसीएम ट्रक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। ट्रक में शराब के साथ 115 पेटी सेब भी लदे थे। पुलिस के अनुसार, बरामद शराब की मात्रा करीब 1,964.88 लीटर है।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने बताया कि अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश दुबे तथा एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक रजनीश राय की टीम ने मुखबिर की सूचना पर डीघा बाईपास के पास अंजान शहीद बाबा की मजार के निकट चेकिंग के दौरान डीसीएम ट्रक संख्या UP62CT5414 को रोका। तलाशी में उत्तराखंड निर्मित 220 पेटी अंग्रेजी शराब मिली। इनमें कुल 4,608 बोतलें थीं। इसके अलावा करीब 1,035 किलोग्राम वजन के 115 पेटी सेब, दो मोबाइल फोन और 800 रुपये नकद बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश कुमार जाटव निवासी कसेरी मिलट, रामनगर, थाना गंगीरी, जनपद अलीगढ़ और अनुप चौहान निवासी नुनिया टोला, हरनाटार, थाना दरौली, जनपद सिवान, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस टीम की कार्रवाई पर एसपी ने 25 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है। टीम में एसआई विनोद कुमार यादव, धर्मनाथ यादव, हेड कांस्टेबल कर्मचंद चौधरी, अनिल कुमार, धनंजय श्रीवास्तव, विवेक राय, प्रदीप पटेल, कृष्ण नारायण गौड़ और दीपक सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

सिलीगुड़ी पहुंचाने के लिए दिया गया था किराये का लालच

पूछताछ में आकाश ने बताया कि 13 अक्टूबर को उसके मोबाइल पर फोन कर खुद को यादव जी बताने वाले व्यक्ति ने हरियाणा से सेब और शराब लदी डीसीएम सिलीगुड़ी पहुंचाने के बदले 21 हजार रुपये किराया देने की बात कही थी। 14 अक्टूबर को शाहाबाद, हरियाणा पहुंचने पर उसे रास्ते के खर्च के लिए पांच हजार रुपये दिए गए और शेष रकम माल पहुंचने के बाद देने का आश्वासन दिया गया।

आकाश के अनुसार, 15 अक्टूबर को पीलीभीत के पास एक लाइन होटल पर डीसीएम खड़ी करने के बाद अनुप चौहान उसके साथ सिलीगुड़ी जाने के लिए पहुंचा। अनुप ने बताया कि बुलट यादव नामक व्यक्ति ने डीसीएम सिलीगुड़ी पहुंचाने के बदले 18 हजार रुपये देने की बात कही थी। इसके लिए उसे तीन हजार रुपये ऑनलाइन मिले थे। वह ट्रेन से लखनऊ और फिर बस से पीलीभीत पहुंचा था।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी डीसीएम लेकर सिलीगुड़ी जा रहे थे, तभी मगहर हाईवे पर पकड़ लिए गए। पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस यादव जी और बुलट यादव नामक व्यक्तियों की तलाश कर रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। मामले में कोतवाली खलीलाबाद में मुकदमा अपराध संख्या 954/2026 के तहत उत्तर प्रदेश आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

Previous articleपांच साल में कल्पित हॉस्पिटल ने बनाया भरोसा, 10 हजार से अधिक सर्जरी का अनुभव पांचवीं वर्षगांठ पर चिकित्सा सेवाओं के विस्तार का संकल्प, निशुल्क स्वास्थ्य शिविरों से लोगों को मिल रहा लाभ
Next articleसमाधान दिवस में 155 फरियादियों की सुनवाई, 33 शिकायतों का निस्तारण तीनों तहसीलों में अधिकारियों ने सुनीं समस्याएं, 11 मामलों में स्थलीय निरीक्षण के निर्देश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here