उद्यमियों की समस्याओं के निस्तारण में देरी बर्दाश्त नहीं: डीएम गीडा के यू-टर्न मार्ग पर एनएचएआई से मांगी प्रगति रिपोर्ट, सड़क पर माल उतारने वाले वाहनों पर होगी कार्रवाई

उद्यमियों की समस्याओं के निस्तारण में देरी बर्दाश्त नहीं: डीएम

गीडा के यू-टर्न मार्ग पर एनएचएआई से मांगी प्रगति रिपोर्ट, सड़क पर माल उतारने वाले वाहनों पर होगी कार्रवाई

गोरखपुर। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने मंगलवार को विकास भवन सभागार में जिला उद्योग बंधु की बैठक में उद्यमियों की समस्याओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क, जल निकासी और विद्युत आपूर्ति जैसी बुनियादी सुविधाओं में लापरवाही न बरती जाए।

बैठक में निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित प्रकरण की समीक्षा करते हुए डीएम ने वाणिज्य कर विभाग को नियमानुसार निर्धारित समयसीमा में निस्तारण के निर्देश दिए। गीडा से बाहर निकलने के लिए यू-टर्न मार्ग की व्यवस्था पर एनएचएआई से कार्रवाई की प्रगति रिपोर्ट भी मांगी।

डीएम ने औद्योगिक क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए व्यावसायिक वाहनों के लिए होल्डिंग एरिया विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों पर अनधिकृत रूप से वाहन खड़े कर माल उतारने से जाम और आवागमन में परेशानी होती है। ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और माल की लोडिंग-अनलोडिंग निर्धारित स्थानों पर कराई जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि उद्यमियों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनकर उनका प्रभावी समाधान किया जाए, ताकि औद्योगिक इकाइयों के संचालन में बाधा न आए। बैठक में गीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विशाल कुमार, नगर आयुक्त अजय जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और उद्यमी मौजूद रहे।

Previous articleऑटो-ई-रिक्शा पर अंकित हो रहे यूनिक नंबर, चालकों का सत्यापन ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत तीन नए कैमरे लगे, पांच कैमरे ऑनलाइन
Next articleकोई पात्र मतदाता न छूटे, बीएलओ अभियान तेज करें: सुदीप तिवारी पिपराइच विधानसभा में मतदाता सूची पुनरीक्षण की समीक्षा, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here