त्योहारों को लेकर बाजारों में बढ़ी निगरानी, एसपी नॉर्थ ने किया पैदल गश्त
कैंपियरगंज के प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों का लिया जायजा, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश
गोरखपुर। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस ने बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। सोमवार को एसपी नॉर्थ राजेश गुनावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कैंपियरगंज क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। बाजारों और प्रमुख चौराहों पर भ्रमण के दौरान दुकानदारों व स्थानीय लोगों से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग की अपील की गई।
एसपी नॉर्थ ने पुलिसकर्मियों को त्योहारों के दौरान बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। कहा कि भीड़ बढ़ने के मद्देनजर संवेदनशील स्थानों पर लगातार नजर रखी जाए। किसी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए।
अफवाहों से बचें, संदिग्ध गतिविधि की दें सूचना
पुलिस टीम ने दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। लोगों से कहा गया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
एसपी नॉर्थ ने पुलिसकर्मियों को नियमित गश्त के साथ असामाजिक तत्वों पर नजर रखने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को भी कहा।
त्योहारों के मद्देनजर प्रमुख बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की गश्त व निगरानी जारी रखने तथा आवश्यकता के अनुसार पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।















