651 पात्र आवेदकों को पिछड़ा वर्ग शादी अनुदान की स्वीकृति
194 लाभार्थियों को तत्काल मिलेंगे 20-20 हजार रुपये, शेष 457 के भुगतान के लिए भेजा गया 91.40 लाख का मांग पत्र
संतकबीरनगर। पिछड़ा वर्ग शादी अनुदान योजना के तहत जिले के 651 पात्र आवेदकों को अनुदान की स्वीकृति मिल गई है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अनुज मलिक की अध्यक्षता में हुई जिला स्तरीय स्वीकृति समिति की बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रगति की समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया गया।
1200 लाभार्थियों का मिला है लक्ष्य
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रवीश चंद्र ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में जिले को 1200 लाभार्थियों का लक्ष्य मिला है। इसके सापेक्ष 1375 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं। पहले के चरणों में 406 लाभार्थियों को ई-कुबेर के माध्यम से 81.20 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
194 को तत्काल मिलेगा भुगतान
डीएम ने प्रथम आवक-प्रथम पावक के आधार पर प्रथम किस्त के अवशेष बजट से 194 पात्र लाभार्थियों को तत्काल भुगतान के निर्देश दिए। प्रत्येक लाभार्थी को 20 हजार रुपये के हिसाब से कुल 38.80 लाख रुपये ई-कुबेर के माध्यम से दिए जाएंगे।
457 लाभार्थियों के लिए भेजा मांग पत्र
शेष 457 स्वीकृत लाभार्थियों के भुगतान के लिए 91.40 लाख रुपये की दूसरी किस्त का मांग पत्र 22 सितंबर को निदेशालय भेजा जा चुका है। बजट मिलते ही इन लाभार्थियों को भी प्राथमिकता के आधार पर सीधे भुगतान किया जाएगा।
बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व सत्य प्रकाश, सीडीओ जयकेश त्रिपाठी, एसडीएम खलीलाबाद हृदय राम तिवारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रवीश चंद्र समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।















