अपराध नियंत्रण के लिए मजबूत होगी बीट पुलिसिंग, गांव से शहर तक रहेगी नजर देर रात तक क्षेत्रों में भ्रमण करेंगे बीट पुलिसकर्मी, संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल होगी निगरानी

अपराध नियंत्रण के लिए मजबूत होगी बीट पुलिसिंग, गांव से शहर तक रहेगी नजर

देर रात तक क्षेत्रों में भ्रमण करेंगे बीट पुलिसकर्मी, संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल होगी निगरानी

गोरखपुर। पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में बुधवार को डीआईजी रेंज एस. चनप्पा की अध्यक्षता में अपराध समीक्षा बैठक हुई। इसमें अपराध नियंत्रण के लिए बीट पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। डीआईजी ने निर्देश दिया कि गांव से शहर तक बीट पुलिसकर्मी लगातार भ्रमण करें और देर रात तक क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रखें।

हर व्यक्ति और प्रमुख स्थान की रखें जानकारी

डीआईजी ने कहा कि बीट पुलिसिंग पुलिस व्यवस्था की अहम कड़ी है। पुलिसकर्मी अपने क्षेत्र के लोगों, प्रमुख स्थानों, संवेदनशील इलाकों और अपराध प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी रखें। स्थानीय लोगों से नियमित संवाद कर छोटी से छोटी सूचना को गंभीरता से लिया जाए।

संदिग्ध गतिविधि की तत्काल दें सूचना

गांव, मोहल्ले, बाजार और शहर के प्रमुख स्थानों पर नियमित गश्त के निर्देश दिए गए। संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल थाना प्रभारी और उच्चाधिकारियों को अवगत कराने को कहा गया। नए किरायेदारों और क्षेत्र में आने वाले लोगों का नियमानुसार सत्यापन कराने पर भी जोर दिया गया।

लंबित विवेचनाओं के निस्तारण पर जोर

अपराध समीक्षा के दौरान लंबित विवेचनाओं, वांछित अपराधियों, वारंटियों और गंभीर अपराधों की स्थिति की समीक्षा की गई। डीआईजी ने पुराने मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने और अपराधियों के खिलाफ नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। महिला अपराध, साइबर अपराध और जनशिकायतों में त्वरित कार्रवाई पर भी जोर दिया।

थाना प्रभारी करेंगे बीट पुलिसिंग की समीक्षा

डीआईजी ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे अपने क्षेत्रों में बीट पुलिसिंग की नियमित समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि पुलिसिंग केवल घटना के बाद कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि सक्रिय बीट पुलिसिंग के जरिए अपराध की संभावनाओं को पहले ही कम किया जाए।

एसपी उत्तरी और एसपी अपराध को दी विदाई

बैठक के बाद एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र और एसपी अपराध सुधीर जायसवाल का विदाई समारोह आयोजित किया गया। डीआईजी एस. चनप्पा के नेतृत्व में अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों पुलिस अधीक्षकों को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान एसएसपी डॉ. कौस्तुभ, एसपी सिटी निमिष पाटील, एसपी दक्षिणी दिनेश पुरी, एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव समेत क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और विभिन्न शाखाओं के प्रभारी मौजूद रहे।

Previous articleएलपीजी वितरकों के साथ डीएसओ ने की बैठक आपूर्ति व्यवस्था और समस्याओं पर हुई चर्चा, मांगों को लेकर भी रखा पक्ष

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here