गणेश पूजा को लेकर पुलिस ने संभाला मोर्चा, पैदल गश्त कर परखी सुरक्षा
डीआईजी एस. चनप्पा और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने नगर क्षेत्र का किया भ्रमण, दिए आवश्यक निर्देश
गोरखपुर। गणेश पूजा के मद्देनजर शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। डीआईजी एस. चनप्पा और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने पुलिस अधिकारियों के साथ नगर क्षेत्र में पैदल भ्रमण कर सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण व्यवस्था का जायजा लिया।
पंडालों के आसपास बढ़ाएं सतर्कता
अधिकारियों ने पूजा पंडालों और प्रमुख मार्गों पर पुलिस की तैनाती की जानकारी ली। स्थानीय पुलिसकर्मियों को लगातार भ्रमणशील रहने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
यातायात व्यवस्था पर भी नजर
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए गए। किसी भी स्थिति में आम लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए पुलिसकर्मियों को सक्रिय रहने को कहा गया।
अफवाहों और सोशल मीडिया पर निगरानी
डीआईजी और एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक या आपत्तिजनक सूचनाओं पर नजर रखने के निर्देश दिए। किसी भी सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
आयोजकों से समन्वय के निर्देश
पूजा पंडालों के आयोजकों से समन्वय बनाकर भीड़ नियंत्रण, आवागमन और आपात स्थिति से निपटने की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। नागरिकों से भी शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।
ये अधिकारी रहे मौजूद
पैदल गश्त के दौरान एसपी सिटी निमिष पाटील, सीओ कैंट कीर्ति निधि आनंद, सीओ कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी समेत अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।















