खेलों से युवाओं में अनुशासन और टीम भावना का विकास : महापौर
प्रदेशीय बालक-बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन, स्मारिका का विमोचन
गोरखपुर। सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम में 10वीं माध्यमिक विद्यालयीय प्रदेशीय बालक-बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता-2026 का भव्य उद्घाटन हुआ। प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और जिलाधिकारी दीपक मीणा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
महापौर ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है। मैदान पर जीत के साथ हार से सीखने और निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतिभाग कर विद्यालय और प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा कि प्रदेशीय स्तर की प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच देती हैं। ऐसे आयोजनों से प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ आत्मविश्वास और अनुशासन भी बढ़ता है।
उद्घाटन अवसर पर खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट में हिस्सा लिया। इसके बाद बालक एवं बालिका वर्ग के मुकाबले शुरू हुए। मैदान पर खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान बास्केटबॉल स्मारिका का भी विमोचन किया गया।
प्रतियोगिता क्रीड़ा सचिव अरुणेन्द्र राय के निर्देशन में आयोजित हो रही है। आयोजक डॉ. नीरज कुमार श्रीवास्तव, प्रधानाचार्य महात्मा गांधी इंटरमीडिएट कॉलेज, सह-संयोजक अजीत कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक गोरखपुर और संयोजक सतीश सिंह, संयुक्त शिक्षा निदेशक गोरखपुर हैं। आयोजन में शिक्षा एवं क्रीड़ा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों, प्रशिक्षकों और आयोजन समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।















