रात में सड़कों पर उतरे एसपी सिटी, पिकेट और गश्त व्यवस्था परखी संदिग्धों और संवेदनशील इलाकों पर पैनी नजर रखने के निर्देश, लापरवाही पर तय होगी जिम्मेदारी

रात में सड़कों पर उतरे एसपी सिटी, पिकेट और गश्त व्यवस्था परखी

संदिग्धों और संवेदनशील इलाकों पर पैनी नजर रखने के निर्देश, लापरवाही पर तय होगी जिम्मेदारी

गोरखपुर। शहर की कानून-व्यवस्था और रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए एसपी सिटी निमिष पाटील बृहस्पतिवार देर रात से शुक्रवार भोर तक विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण करते रहे। अचानक हुए निरीक्षण से रात्रि ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों में भी सतर्कता नजर आई। उन्होंने विभिन्न चौकियों, पुलिस पिकेटों और संवेदनशील स्थानों का जायजा लेकर सुरक्षा व्यवस्था को परखा।

एसपी सिटी ने मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों से ड्यूटी और गश्त की जानकारी ली। उन्होंने पिकेटों पर पुलिसकर्मियों की मौजूदगी सुनिश्चित करने के साथ ही संबंधित रजिस्टरों और अभिलेखों की भी जांच की। निर्देश दिया कि पिकेट ड्यूटी महज औपचारिकता न बने, बल्कि पुलिसकर्मी निर्धारित क्षेत्र में लगातार भ्रमण करते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें।

उन्होंने चौकी प्रभारियों और रात्रि गश्त में लगे पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि देर रात तक आवाजाही वाले स्थानों, बाजारों, प्रमुख चौराहों, सुनसान क्षेत्रों और संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जाए। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की प्रभावी चेकिंग करने के साथ असामान्य गतिविधि सामने आने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।

एसपी सिटी ने कहा कि रात्रि गश्त का उद्देश्य केवल सड़कों पर पुलिस की मौजूदगी दर्ज कराना नहीं, बल्कि अपराध की संभावना को पहले ही रोकना है। इसके लिए बीट क्षेत्र में सक्रिय भ्रमण और प्रमुख स्थानों पर लगातार निगरानी जरूरी है। उन्होंने पूर्व में आपराधिक घटनाओं वाले क्षेत्रों में गश्त और पिकेट व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने पुलिसकर्मियों को आपसी समन्वय बनाए रखने तथा किसी भी घटना की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचने को कहा। साथ ही वायरलेस के माध्यम से सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एसपी सिटी ने स्पष्ट किया कि रात्रि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही मिलने पर संबंधित पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर में अपराध नियंत्रण और नागरिकों की सुरक्षा के लिए रात्रि गश्त व चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।

Previous article30 लाख की ठगी में वांछित अभियुक्ता कोलकाता से गिरफ्तार दो साल में रकम 100 गुना करने का दिया था झांसा, निवेश के नाम पर गबन का आरोप

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here