आउटसोर्स कर्मियों के बढ़े पारिश्रमिक से आर्थिक मजबूती की उम्मीद
रायबरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ के लोक भवन से आउटसोर्स कार्मिकों के बढ़े पारिश्रमिक की घोषणा के साथ उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के लोगो का अनावरण किया। साथ ही निगम की वेबसाइट और पोर्टल का शुभारंभ किया गया। इसका जनपद स्तरीय सजीव प्रसारण सामुदायिक केंद्र रतापुर में हुआ। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और विभिन्न विभागों में कार्यरत आउटसोर्स कार्मिकों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक सलोन अशोक कुमार, जिला पंचायत प्रशासक रंजना चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी, जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका और अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को हितलाभ भी वितरित किए गए। श्रम विभाग की मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना और कन्या विवाह सहायता योजना के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र दिए गए। नगर पालिका के विभिन्न वार्डों के सफाई कर्मचारियों को सफाई किट भी वितरित की गई।
आर्थिक राहत के साथ बढ़ेगा मनोबल
विधायक अशोक कुमार ने कहा कि आउटसोर्स कार्मिकों के हित में सरकार का यह निर्णय सराहनीय और स्वागत योग्य है। विभिन्न विभागों में निष्ठा और जिम्मेदारी से सेवाएं दे रहे कार्मिकों को बढ़े पारिश्रमिक से आर्थिक मजबूती मिलेगी और जीवन स्तर में सुधार आएगा।
जिला पंचायत प्रशासक रंजना चौधरी ने कहा कि आउटसोर्स कार्मिक सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पारिश्रमिक में वृद्धि सरकार की संवेदनशीलता और कर्मचारी हितैषी सोच को दर्शाती है। इससे कार्मिकों का उत्साह और कार्य के प्रति प्रतिबद्धता बढ़ेगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी ने कहा कि पारिश्रमिक में वृद्धि सरकार की जनकल्याणकारी सोच का उदाहरण है। बेहतर आर्थिक संबल मिलने से आउटसोर्स कार्मिकों के परिवारों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान कार्यक्रम स्थल पर मौजूद आउटसोर्स कार्मिकों ने पारिश्रमिक बढ़ाने की घोषणा का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इससे आर्थिक राहत के साथ कार्य के प्रति सम्मान और प्रोत्साहन की भावना भी बढ़ेगी।
कार्यक्रम का संचालन एसएस पांडेय ने किया। इस दौरान परियोजना निदेशक डीआरडीए मुनेश चंद्र, सहायक श्रमायुक्त उमेश यादव, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका स्वर्ण सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी आरवी सिंह समेत अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में आउटसोर्स कार्मिक मौजूद रहे।















