एसआईआर में छूटे मतदाताओं के घर पहुंचेंगे बीएलओ, जानेंगे नाम कटने की वजह मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से की समीक्षा, 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं का नाम जोड़ने के निर्देश

एसआईआर में छूटे मतदाताओं के घर पहुंचेंगे बीएलओ, जानेंगे नाम कटने की वजह

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से की समीक्षा, 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं का नाम जोड़ने के निर्देश

गोरखपुर। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए अब छूटे और सूची से हटाए गए मतदाताओं की स्थिति की जांच की जाएगी। बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) संबंधित मतदाताओं के घर पहुंचकर नाम छूटने या कटने के कारणों की जानकारी जुटाएंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के निर्वाचन अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में इस संबंध में निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए। बीएलओ घर-घर जाकर ऐसे लोगों की जानकारी जुटाएं, जिनके नाम सूची में शामिल नहीं हैं या किसी कारणवश हट गए हैं। जांच में पात्र मतदाता का नाम छूटने की पुष्टि होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत उसे सूची में शामिल कराने की कार्रवाई की जाए। नाम हटाए जाने के मामलों में भी कारणों की पड़ताल की जाए, ताकि किसी पात्र नागरिक का नाम अनावश्यक रूप से सूची से बाहर न रहे।

युवाओं के पंजीकरण पर विशेष जोर

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को पात्र युवाओं की पहचान कर उनका पंजीकरण सुनिश्चित कराने और लोगों को नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। नाम जोड़ने, संशोधन और अन्य निर्वाचन संबंधी कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करें

नवदीप रिनवा ने एसआईआर अभियान की नियमित निगरानी करने और बीएलओ के कार्यों की समीक्षा करने को कहा। आरओ, ईआरओ और एईआरओ अपने-अपने क्षेत्रों में पुनरीक्षण कार्य की प्रगति पर नजर रखें। मतदाता सूची से संबंधित शिकायतों का नियमानुसार निस्तारण किया जाए और नाम जोड़ने, संशोधन करने या हटाने की प्रत्येक कार्रवाई निर्धारित नियमों के अनुरूप हो।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। इसलिए पुनरीक्षण कार्य में गंभीरता, पारदर्शिता और आपसी समन्वय बनाए रखना जरूरी है। मतदाताओं को भी अपने नाम की स्थिति जांचने और किसी त्रुटि पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुधार कराने के लिए जागरूक किया जाए।

मंडलायुक्त सभागार में जुड़े अधिकारी

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान मंडलायुक्त सभागार में मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह, जिलाधिकारी दीपक मीणा, अपर आयुक्त प्रशासन अजय राय, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम वित्त जय प्रकाश, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मुकुल खंडेलवाल, ईआरओ एवं एसडीएम सदर ज्ञान प्रताप सिंह, ईआरओ एवं एसीएम पवन कुमार जायसवाल, ईआरओ एवं अपर एसडीएम सदर सुदीप तिवारी सहित अन्य ईआरओ और एईआरओ मौजूद रहे। अधिकारियों ने एसआईआर अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने और त्रुटियों को दूर करने पर जोर दिया।

Previous articleनहीं रहे यश भारती सम्मानित डॉ. राम रतन बनर्जी, गोरखपुर ने खोया अपना अनमोल रत्न करीब सात दशकों तक होम्योपैथी के जरिए की मानव सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में भी रहा उल्लेखनीय योगदान
Next articleडीएम ने कंपनी बाग से गांधी नगर तक पैदल भ्रमण कर परखी मेला व्यवस्था मूर्ति विसर्जन के मद्देनजर अमहट घाट का भी किया निरीक्षण, गोताखोरों, नाव, लाइट और बैरिकेडिंग की व्यवस्था के निर्देश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here