साइबर ठगों पर कसेगा शिकंजा, एसपी ने संभाली कमान
लंबित मामलों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश, स्कूलों और तहसीलों में चलेगा विशेष जागरूकता अभियान
संतकबीरनगर। डिजिटल दौर में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए संतकबीरनगर पुलिस ने अपनी रणनीति तेज कर दी है। बुधवार को पुलिस कार्यालय में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में साइबर क्राइम थाना के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समीक्षा गोष्ठी हुई। एसपी ने लंबित साइबर अपराधों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि पीड़ितों को राहत दिलाना और साइबर अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई पुलिस की प्राथमिकता है।
लंबित विवेचनाओं के निस्तारण पर जोर
एसपी ने साइबर अपराध से संबंधित लंबित विवेचनाओं की प्रगति की समीक्षा की और सभी मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध में समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। शिकायत मिलते ही तकनीकी स्तर पर त्वरित कार्रवाई के साथ पीड़ित को लगातार जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
जनपद के सभी थानों में संचालित साइबर हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली की नियमित निगरानी करने तथा पीड़ितों से समय-समय पर फीडबैक लेने के निर्देश भी दिए गए।
स्कूलों से तहसीलों तक जागरूकता की तैयारी
साइबर ठगी से बचाव के लिए जिलेभर में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। एसपी ने थाना एवं तहसील स्तर पर रोस्टर तैयार कर प्रमुख विद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों को डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश, संदिग्ध लिंक, ओटीपी और ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों के बारे में जानकारी दी जाएगी।
तकनीकी रूप से दक्ष बने पुलिसकर्मी
एसपी ने पुलिसकर्मियों को बदलते साइबर अपराध के तौर-तरीकों के अनुरूप तकनीकी रूप से दक्ष और अपडेट रहने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध की शिकायत लेकर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की बात संवेदनशीलता से सुनी जाए और बिना देरी आवश्यक कार्रवाई शुरू की जाए।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि तकनीकी संसाधनों का प्रभावी इस्तेमाल करते हुए साइबर अपराधियों तक पहुंचने और पीड़ितों को राहत दिलाने की दिशा में लगातार काम किया जाए।
‘सुरक्षित डिजिटल वातावरण देना प्राथमिकता’
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने कहा कि संतकबीरनगर पुलिस जिलेवासियों को सुरक्षित और भयमुक्त डिजिटल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से साइबर अपराध के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाने तथा आमजन को जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।















