पुरा महादेव में ‘भक्ति भी, प्रकृति भी’ का संदेश, जीरो वेस्ट महोत्सव बना आकर्षण कांवड़ मार्ग से मंदिर तक श्रद्धालुओं की सुविधा पर जोर, डीएम ने लिया फीडबैक

पुरा महादेव में ‘भक्ति भी, प्रकृति भी’ का संदेश, जीरो वेस्ट महोत्सव बना आकर्षण

कांवड़ मार्ग से मंदिर तक श्रद्धालुओं की सुविधा पर जोर, डीएम ने लिया फीडबैक

बागपत। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से श्री परशुरामेश्वर पुरा महादेव धाम गूंज उठा। तीन दिवसीय श्रावणी कांवड़ मेले के शुभारंभ के साथ ही हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तराखंड समेत विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में कांवड़िये और श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचे। कांवड़ मार्ग से मंदिर परिसर तक प्रशासन ने सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा के व्यापक इंतजाम किए हैं।

जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने कांवड़ मार्ग का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कांवड़ियों और श्रद्धालुओं से बातचीत कर सुविधाओं का फीडबैक लिया और अधिकारियों को पेयजल, सफाई, प्रकाश, चिकित्सा, पार्किंग तथा भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

जीरो वेस्ट बना मेले की खास पहचान

इस बार पुरा महादेव मेला ‘भक्ति भी, प्रकृति भी’ के संदेश के साथ जीरो वेस्ट महोत्सव के रूप में आगे बढ़ रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि मेले से निकलने वाले कचरे को केवल अपशिष्ट न मानकर उसका पुनः उपयोग किया जाए। फाल्गुनी महाशिवरात्रि में किए गए जीरो वेस्ट प्रयोग को इस बार बड़े स्तर पर श्रावणी मेले से जोड़ा गया है।

क्यूआर कोड से मिलेगी जरूरी जानकारी

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए क्यूआर कोड आधारित कांवड़ यात्रा एप तैयार किया गया है। इसे स्कैन कर श्रद्धालु कंट्रोल रूम, मेडिकल सहायता, अग्निशमन सेवा, सार्वजनिक शौचालय, कांवड़ मार्ग और पुरा महादेव मंदिर परिसर का डिजिटल नक्शा देख सकते हैं। भोजन की गुणवत्ता से संबंधित शिकायत दर्ज कराने की सुविधा भी एप में दी गई है।

सुरक्षा और चिकित्सा व्यवस्था चाक-चौबंद

मेला क्षेत्र और कांवड़ मार्ग पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। कंट्रोल रूम के माध्यम से 24 घंटे नजर रखी जा रही है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार गश्त कर रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने मेडिकल कैंप स्थापित किए हैं, जहां डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ तैनात हैं। पेयजल, मोबाइल टॉयलेट, विश्राम स्थल और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था भी की गई है।

जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन का प्रयास है कि कांवड़ियों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी विनीत कुमार उपाध्याय, एआरटीओ विपिन कुमार, डिप्टी सीएमओ डॉ. यशवीर, जिला सूचना अधिकारी राहुल भाटी, अधिशासी अधिकारी मनोज रस्तोगी, हरि लाल पटेल, आस्था पाठक समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Previous articleकांवड़ यात्रा को लेकर DIG ने परखी सुरक्षा व्यवस्था मुक्तिघाट व मेला परिसर का निरीक्षण, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन पर दिए निर्देश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here