सम्पूर्ण समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 165 शिकायतें दर्ज 15 मामलों का मौके पर निस्तारण, एडीएम सिटी व एसपी सिटी ने सुनी जनसमस्याएं तहसील सभागार जाते समय दिन में जलती मिली ट्यूबलाइट, एडीएम सिटी ने तत्काल बंद कराई

सम्पूर्ण समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 165 शिकायतें दर्ज

15 मामलों का मौके पर निस्तारण, एडीएम सिटी व एसपी सिटी ने सुनी जनसमस्याएं

तहसील सभागार जाते समय दिन में जलती मिली ट्यूबलाइट, एडीएम सिटी ने तत्काल बंद कराई

गोरखपुर। सदर तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनसमस्याओं के समाधान के लिए बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार तथा एसपी सिटी निमिष पाटील ने संयुक्त रूप से की। समाधान दिवस में कुल 165 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 15 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश के साथ भेजा गया।

समाधान दिवस में सर्वाधिक शिकायतें भूमि विवाद, पैमाइश, अवैध कब्जा, फर्जी रजिस्ट्री, अतिक्रमण, रास्ता विवाद, चहारदीवारी निर्माण में बाधा तथा राजस्व संबंधी मामलों से जुड़ी रहीं। कई फरियादियों ने आरोप लगाया कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमीन की दोहरी रजिस्ट्री कर दी गई है और शिकायत के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही। इस पर एडीएम सिटी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों की गहन जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर भी अधिकारियों ने नाराजगी जताई। कई मामलों में पैमाइश रिपोर्ट के साथ नक्शा नजरी संलग्न न होने तथा कब्जे की स्थिति स्पष्ट न दर्शाए जाने की शिकायत सामने आई। एडीएम सिटी ने कानूनगो, लेखपाल एवं राजस्व निरीक्षकों को निर्देश दिया कि सभी रिपोर्ट तथ्यपरक, पारदर्शी एवं पूर्ण हों, अन्यथा संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने खेत की मेड़ तोड़कर कब्जा करने, सिवान विवाद, जमीन पर अतिक्रमण तथा दबंगों द्वारा धमकी देने की शिकायतें भी दर्ज कराईं। एसपी सिटी निमिष पाटील ने संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि ऐसे मामलों में तत्काल मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष कार्रवाई करें तथा पीड़ित पक्ष की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

समाधान दिवस के दौरान एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार जब तहसील सभागार की ओर जा रहे थे तो बरामदे में दिन के समय ट्यूबलाइट जलती मिली। उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए कर्मचारियों से ट्यूबलाइट बंद करवाई और अनावश्यक बिजली खपत पर नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी सरकारी कार्यालयों में ऊर्जा संरक्षण के नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए।

इस अवसर पर एसडीएम सदर ज्ञान प्रताप सिंह, तहसीलदार सत्य प्रकाश गुप्ता, नायब तहसीलदार भागीरथी सिंह, आकांक्षा पासवान, अरविंद नाथ पांडेय, देवेंद्र यादव, नीलम त्रिपाठी, नेहा राय, चकबंदी सीओ सुनील सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कानूनगो, लेखपाल एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कर निर्धारित समय में अनुपालन रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।

Previous articleसम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम-एसएसपी का सख्त संदेश कैम्पियरगंज तहसील में जनसुनवाई, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के दिए निर्देश
Next articleजोन में लागू हुआ ऑटोमैटिक ड्यूटी मैनेजमेंट सिस्टम  डीजी/एडीजी मुथा अशोक जैन बोले– सॉफ्टवेयर से होगी ड्यूटी, बढ़ेगी पारदर्शिता और जवाबदेही

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here